Type Here to Get Search Results !

शहर के विस्तार और यातायात सुधार के लिए कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 शहर के विस्तार और यातायात सुधार के लिए कलेक्टर ने किया निरीक्षण


मारुति शोरूम से भुल्लनपुरा तक फोरलेन प्रस्ताव पर पहल, वैकल्पिक रूट विकसित करने के निर्देश



गुना। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सड़क चौड़ीकरण और वैकल्पिक रूट डायवर्जन की संभावनाओं को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मारुति शोरूम से भुल्लनपुरा तक प्रस्तावित फोरलेन, मारुति शोरूम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण, बस स्टैंड, थाना एवं नगर पालिका के लिए अतिरिक्त भूमि की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।


फोरलेन और सड़क चौड़ीकरण की संभावनाओं का निरीक्षण


निरीक्षण की शुरुआत मारुति शोरूम से हुई। यहां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने बताया कि मारुति शोरूम से भुल्लनपुरा तक फोरलेन निर्माण का प्रारंभिक प्रस्ताव भेजा जा चुका है। कलेक्टर ने मारुति शोरूम के पास पोल शिफ्टिंग और रोड एग्जीक्यूशन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मारुति शोरूम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण की संभावनाओं का भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।


बस स्टैंड, थाना और नगर पालिका के लिए भूमि की संभावनाएं देखीं


कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान नगर पालिका, थाना एवं बस स्टैंड के लिए अतिरिक्त भूमि की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों और रूट डायवर्जन की संभावनाओं पर भी चर्चा की।


शहर के बाहर से ही यातायात को डायवर्ट करने पर जोर


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि ऐसे मार्ग चिन्हित किए जाएं, जिनसे हाईवे से होकर अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इसके लिए शहर के बाहरी हिस्सों में वैकल्पिक रूट विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। इससे शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव कम होगा और वाहन चालकों के समय की बचत भी होगी।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री के.एस. उइके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.