Type Here to Get Search Results !

गुना पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में नवरात्रि गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन

 *गुना पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में नवरात्रि गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन


*पुलिस , न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की महिला अधिकारियों सहित महिला कर्मचारियों और पुलिस परिवार की महिलाओं-बच्चियों ने की उत्साहपूर्वक सहभागिता*


*गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से गूंजा पुलिस लाइन परिसर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों का सम्मान*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, मानसिक तनाव को कम करने तथा आपसी सौहार्द और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है । इसी क्रम में नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर दिनांक 15 अक्टूबर 2026 की संध्या में गुना पुलिस लाइन परिसर में भव्य एवं रंगारंग गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया ।


               कार्यक्रम में पुलिस, न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की महिला अधिकारियों सहित महिला पुलिसकर्मियों तथा पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नवरात्रि के उल्लास को यादगार बना दिया । कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया । मां दुर्गा की स्तुति के उपरांत गरबा महोत्सव की शुरुआत हुई । आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में सजी प्रतिभागियों ने धार्मिक भजनों की मधुर धुनों पर मनमोहक गरबा प्रस्तुतियां दीं । पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और भक्ति का वातावरण बना रहा ।


               कार्यक्रम में एडीजे (पॉक्सो) श्रीमती सोनाली शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती वंदना त्रिपाठी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ऋतुश्री गुप्ता, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की धर्मपत्नी श्रीमती मधु कन्याल, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डे, एसडीएम आरोन सुश्री मंजुषा खत्री, सीएसपी गुना सुश्री सैफा हाशमी, एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे तथा रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।


               गरबा महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों और पारंपरिक वेशभूषा से सभी का मन मोह लिया । कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट गरबा प्रस्तुति, आकर्षक वेशभूषा एवं अन्य श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया । गरबा प्रस्तुति में प्रथम स्थान रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, द्वितीय स्थान महिला आरक्षक सरिता सिंह तथा तृतीय स्थान महिला आरक्षक निशा अहिरवार ने प्राप्त किया । वहीं, उत्कृष्ट वेशभूषा के लिए उपनिरीक्षक चंचल तिवारी एवं पुलिस परिवार की गृहणी श्रीमती हेमा धाकड़ को सम्मानित किया गया । बच्चियों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए बंशिका रावत को पुरस्कृत किया गया ।


               गुना पुलिस परिवार की ओर से आयोजित इस गरबा महोत्सव ने पुलिसकर्मियों के पारिवारिक जीवन में खुशियों और उत्साह के रंग भरने के साथ ही आपसी मेलजोल एवं सौहार्द को भी प्रोत्साहित किया । नियमित एवं चुनौतीपूर्ण पुलिस ड्यूटी के कारण उत्पन्न होने वाले तनाव को कम करने तथा पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दृष्टि से इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं ।


               कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे मनोरंजन, मानसिक सुकून और आपसी संवाद का बेहतर माध्यम बताया । साथ ही, इस कल्याणकारी पहल के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम की आयोजक रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय के प्रति आभार व्यक्त किया ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.