राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला
आत्म कल्याण के लिए अंतर्मन की आंखें खोलकर जागृत हो। मुनि श्रमण सागर जी
आगामी 1 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह
राघौगढ़ 29 अक्टूबर दिगंबर जैन आचार्य विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य विद्यागुरु कुल भूषण, औजस्वी वक्ता, बुंदेली महाकवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने राघौगढ़ में जारी श्रमण धारा प्रवचन माला के 103 वे दिन विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में "दृष्टि दोष कैसे दूर करें" इस विषय पर मंगल प्रवचन करते हुए कहा आंखों में आए दृष्टि दोष, दूर दृष्टि एवं लिखने पढ़ने की दृष्टि में आई कमी को तो उपचार से ठीक किया जा सकता है मगर वर्तमान में हर व्यक्ति के अंतर मन में जो दृष्टि दोष है उसे दूर करने की आवश्यकता है। आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज से जुड़े लगभग 35 या40 वर्ष पूर्व की घटना का उल्लेख करते हुए कहा एक बार उनके संघस्थ मुनियों ने ऐसा महसूस किया कि आचार्य श्री की दृष्टि कमजोर हो रही है। विशेषज्ञ वैध जी को बुलाया। उन्होंने कहा आपकी दूर दृष्टि कमजोर हो गई है चश्मा लगाना पड़ेगा। आचार्य श्री ने कहा मैं चश्मा जीवन भर नहीं लगवाऊंगा। मुझे धर्म साधना करते हुए मात्र चार हाथ आगे देखने की जरूरत पड़ती है। उन्होंने जीवन भर चश्मा नहीं लगाया। आपने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के दूर दृष्टि युक्त सोच का उल्लेख करते हुए कहा उन्होंने लगभग 35 वर्ष पूर्व जैसा सोचा था उसी अनुरूप जैन तीर्थ कुंडलपुर में विशाल मंदिर का निर्माण कराया। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने कहा हमारे अंदर की आंखें खोलने की आवश्यकता है। अंदर की आंखों से हम अंदर झांक कर देखेंगे तो आत्म कल्याण की ओर बढ़ेंगे। अंदर की आंखों से बाहरी दुनिया को देखेंगे तो पाप की ओर बढ़ेंगे। आपने गिरगिट का उदाहरण देते हुए कहा गिरगिट ऐसा जानवर है जिसकी दोनों आंखों से दोनों दिशाओं में देख सकता है। गिरगिट के बारे में कहावत है कि गिरगिट रंग बदलता है। यह भी कहा जाता है कि गिरगिट ने आत्महत्या कर ली आत्महत्या के पूर्व गिरगिट में लिखा कि अब दुनिया को हमारी आवश्यकता नहीं है हमारा काम तो मनुष्य ही करने लगे हैं। सांपों के संबंध में आपने कहा कि सांप अपने बिलों में घुस गए उनसे पूछा कि बिलों में क्यों घुस गए तो उन्होंने कहा अब आदमी ही आदमी को डसने लगा है हमारी भी उपयोगिता समाप्त हो गई है। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने कहा जिसकी दूर दृष्टि मिथ्या मान्यताओं से परिपूर्ण है। वह परेशान रहेगा उसे अच्छा कुछ नहीं दिखेगा। जिसकी अंतर्मन की दृष्टि भीतर की ओर है वह निश्चित ही सब मार्ग की ओर बढ़ेगा। प्रवचन के अंत में मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने अपनी गृहस्थ अवस्था में लिखी लोकप्रिय बुंदेली कविता सुनाई कविता का शीर्षक है हमें दिगंबर होने भैया हमें दिगंबर होने।
प्रवचन सभा में जैन समाज राघौगढ़ के मंच संचालक विकास कुमार जैन ने जानकारी दी धर्म नगरी राघौगढ़ में चातुर्मास कर रहे मुनि श्रमण सागर जी एवं मुनि ओंकार सागर जी महाराज की संयम की प्रतीक पिच्छिकाओं का परिवर्तन समारोह आगामी 1 नवंबर रविवार को दोपहर 1 बजे से विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम आचार्य विद्यासागर जी महाराज की सामूहिक संगीतमय पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 25 अक्टूबर को आयोजित हायकू परीक्षा के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। चयनित श्रावको दोनों मुनिराज को नई पिच्छिकायें प्रदान की जाएगी एवं मुनिराज अपने कर कमल से धर्म साधना के नियम लेने वाले श्रावकों को पुरानी पिच्छिका प्रदान करेंगे। जैन समाज राघौगढ़ द्वारा बाहर से पधारे हुए श्रद्धालुओं एवं समस्त जैन समाज राघौगढ़ का शाम को सामूहिक भोज आयोजित किया है।
