*जानलेवा हमले के मामले में चांचौड़ा थाना पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*प्रकरण में करीब 19 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार कर जेल पुहंचाया, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी*
*आरोपियों ने जान से मारने की नियत से फरियादी पर किया था कट्टे से फायर*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हिंसक अपराधों, रंगदारी, गुंडागर्दी एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चाचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चाचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया एवं उनकी टीम द्वारा जानलेवा हमले के एक प्रकरण में करीब 19 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 24 मार्च 2025 को फरियादी शिवनारायण गुर्जर निवासी ग्राम पाखरियापुरा चक ने घायल अवस्था में बीनागंज अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आज रात वह अपने खेत पर गेहूं की फसल एकत्रित कर रहा था । इसी दौरान बोरखेड़ी निवासी अमृतलाल गुर्जर, उसका पुत्र दिनेश गुर्जर एवं एक अन्य अज्ञात व्यक्ति तीनों मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे । पारिवारिक रंजिश के चलते उनके द्वारा उस पर कट्टे से फायर किया गया, जिससे उसकी पसली एवं जांघ में चोटें आईं । फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपीगण के विरुद्ध चाचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 118/25, धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चाचौड़ा थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे । इस हेतु पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की गतिविधियों एवं उनके संभावित ठिकानों पर सतत निगरानी रखी गई । जिसके क्रम में गत दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को एक आरोपी के संबंध में मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई । सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरण में करीब 19 माह से फरार आरोपी अमृतलाल पुत्र गंगाराम गुर्जर उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम बोरखेड़ी थाना मृगवास जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है । प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, उपनिरीक्षक मोहर सिंह गवली, सहायक उपनिरीक्षक राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, आरक्षक अमित राजावत एवं आरक्षक रोहित भदौरिया की विशेष भूमिका रही है ।
