ग्राम गणेशपुरा विकासखंड गुना में आत्मा योजना अंतर्गत खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम आयोजित
गुना
आत्मा योजना अंतर्गत विकासखंड गुना के ग्राम गणेशपुरा में खेत बचाओं अभियान कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं उपसंचालक कृषि श्री संजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। खेत बचाओं अभियान कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों को खरीफ एवं रबी सीजन की फसलों के अवशेषों को विभिन्न तकनीकी के माध्यम से खेत में मिला मिलाकर प्राकृतिक खाद के रूप में उपयोग करने की सलाह दी गई,जिससे खेत में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा बढ़ेगी एवं मिट्टी में लाभदायक जीवों की संख्या में भी बढोतरी होगी, जिससे मृदा स्वस्थ तथा उपजाऊ बनी रहेगी।
डॉ. मनमोहन सिंह भूरिया बीटीएम गुना ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग,जैविक एवं अजैविक उर्वरकों के उपयोग, खेत में जैव विविधता बनाए रखने तथा पानी की बचत करने वाली तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। डॉ. भूरिया द्वारा खेती में लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर किसान खेत में प्राकृतिक खाद बना कर उपयोग करें एवं रसायनिक खादों का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी गई जिससे मृदा स्वस्थ तथा उपजाऊ बनी रहे।
कार्यक्रम में श्री रघुवीर लोधा बीटीएम आरोन ने किसानों को खेती में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने तथा उपलब्ध कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। श्री लोधा द्वारा बताया गया कि बदलते मौसम एवं कृषि की बढ़ती लागत को देखते हुए किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में श्री मुरारी लाल त्यागी बीटीएम बमौरी ने आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित कृषक गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि की संभावनाओं तथा कृषि में नई तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने के संबंध में जानकारी प्रदान की ।कृषि विभाग की योजनाओं एवं कृषक हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पात्र किसानों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। श्री सुनील बीटीएम राधौगढ़ ने भी किसानों से कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई तकनीकों को खेत स्तर पर अपनाने तथा अनुभव साझा करने की अपील की।
खेत बचाओं अभियान के इस कार्यक्रम में किसानों ने कृषि से संबंधित अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों के समक्ष रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, नरवाई प्रबंध के माध्यम से जैविक खाद का निर्माण,उत्पादन लागत कम करना, फसल उत्पादकता बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए नवीन कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणेशपुरा ग्राम के किसान उपस्थित रहे और उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन की आवश्यकता बताई। अंत में आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
