Type Here to Get Search Results !

म्याना थाना पुलिस ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही कर जेल पहुंचाया

 *जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने गुना पुलिस का अपराधियों पर सख्त शिकंजा*


*प्रशासनिक आदेश की अवहेलना कर जिले में घूम रहा जिलाबदर बदमाश गिरफ्तार*


*म्याना थाना पुलिस ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही कर जेल पहुंचाया



                गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर सक्रिय और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया और उनकी टीम द्वारा जिलाबदर आदेश की अवहेलना कर जिले में घूम रहे जिलाबदर बदमाश को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।


               उल्लेखनीय है कि आज दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को  म्याना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जिला बदर बदमाश राजेन्द्र रघुवंशी प्रतिबंधित अवधि में भी अवैध रूप से गुना जिले की सीमा में होकर थाना क्षेत्र में घूम रहा है । इस सूचना के मिलते ही बदमाश की धरपकड़ हेतु म्याना थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम द्वारा मुखबिर की बताई जगह पर पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति मिला, जो पुलिस को देखकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा, परंतु मुस्तैद पुलिस फोर्स द्वारा उसे घेराबंदी कर मौके पर ही धरदबोच लिया गया, पूछताछ पर उसने अपना नाम राजेन्द्र पुत्र रामसिंह रघुवंशी उम्र 54 साल निवासी ग्राम मिनख्याई, थाना म्याना, जिला गुना का बताया ।


               उल्लेखनीय है कि आरोपी राजेन्द्र रघुवंशी एक आदतन अपराधी है, जिसकी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाये जाने हेतु गुना जिला दण्डाधिकारी महोदय द्वारा अपने आदेश दिनांक 19 नवंबर 2025 से उसे गुना जिले सहित समीपवर्ती जिले राजगढ़, शिवपुरी, विदिशा, भोपाल, अशोकनगर आदि जिलों की सीमाओं से एक वर्ष के लिये जिला बदर किया गया था । इसके बावजूद आरोपी राजेन्द्र रघुवंशी के जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना या किसी प्रकार की अनुमति लिये बिना पाये जाने पर पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरूद्ध म्याना थाने में अप.क्र. 239/26, मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया एवं आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है । 


               म्याना थाना पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक वासुदेव रावत, प्रधान आरक्षक दिनेश गौतम, प्रधान आरक्षक आनंद जाटव, आरक्षक देवेन्द्र जाटव, आरक्षक शिवकुमार वर्मा, आरक्षक रंजीत जाटव एवं आरक्षक बृजमोहन सहरिया की विशेष भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.