महिला स्व-सहायता समूह के नए कैफे का कलेक्टर ने किया ट्रायल
स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं महिलाएं, कलेक्टर ने की पहल की सराहना
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिला पंचायत कार्यालय के समीप स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित नए कैफे का ट्रायल किया। यह कैफे अभी ट्रायल फेज में है। कुछ दिनों में कैफे पूरी तरह सेटअप होने के बाद इसका शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं से चर्चा कर उनके स्वरोजगार की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करना आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ती हैं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
कैफे में चाय-कॉफी के साथ मनोरंजन की सुविधाएं
कैफे में चाय-कॉफी और सैंडविच के साथ लोगों के मनोरंजन के लिए भी विभिन्न गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। यहां शतरंज, लूडो, बैडमिंटन, तीरंदाजी और निशानेबाजी जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन एवं खेलकूद का अवसर मिलेगा। कैफे में बैठकर चाय-कॉफी का आनंद लेने के लिए मचान जैसी विशेष व्यवस्था भी की गई है।
कलेक्टर ने चखा कॉफी और सैंडविच का स्वाद
ट्रायल के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने कैफे में उपलब्ध कॉफी और सैंडविच का स्वाद लिया तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके कार्यों और व्यवसाय के संबंध में चर्चा की। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ ही दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकती हैं।
