राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला
अंतर्जातीय विवाह भावुकता में उठाया हुआ गलत कदम होता है। मुनि श्रमण सागर जी
युवक युवतियों को भावुकता में गलत कदम न उठाने का मार्गदर्शन।
राघौगढ़ 30 अक्टूबर। दिगंबर जैन आचार्य इस सदी के महा संत गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, औजस्वी वक्ता, बुंदेली आशु कवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने राघौगढ़ में जारी श्रमण धारा प्रवचन माला के 104 वे दिन "भावावेश में गलत कदम न उठाएं" विषय पर युवक युवतियों को प्रेरक प्रवचन देते हुए कहा अंतर्जातीय विवाह भावुकता में उठाया हुआ कदम कहलाता है। दांपत्य जीवन सुखी एवं सुदीर्घ् हो इसलिए विवाह करने से पूर्व सोच विचार कर निर्णय लेना चाहिए। मुनिराज ने कहा जैन दर्शन में आठ कर्मों का उल्लेख है इनमें एक गोत्र कर्म भी है। गोत्र व्यवस्था के संबंध में व्याख्या करते हुए आपने कहा देवता उच्च गोत्र के होते हैं। त्रियंच एवं नारकीय जीव निम्न गोत्र के होते हैं। जबकि मनुष्यों में उच्च गोत्र एवं निम्न गोत्र दोनों होते हैं। आपने कहा जैन धर्म अनादि निधन धर्म है प्राचीन ग्रंथ ऋग्वेद में 141 भी गाथा में भगवान ऋषभदेव का उल्लेख आया है। इसी प्रकार यजुर्वेद में भगवान नेमिनाथ आदि तीर्थंकरों का उल्लेख आया है। भगवान आदिनाथ के ही सुपुत्र भरत चक्रवर्ती ने संसार की व्यवस्था चलाने के लिए चार वर्णों की व्यवस्था बनाई थी। ब्राह्मण, वैश्य, क्षत्रिय एवं शूद्र। यह वर्ण व्यवस्था हजारों वर्ष पूर्व बनाई गई थी। वर्ण व्यवस्था के अनुरूप ही लड़के लड़की के शुभ विवाह कुंडली एवं गोत्र के मिलन से होते रहे हैं। मुनिराज ने कहा वर्तमान में लड़के लड़की पढ़ने बाहर चले जाते हैं पढ़ाई करते हुए अथवा नौकरी करते हुए उनका आपस में प्रेम हो जाता है और वह प्रेम विवाह में परिवर्तित हो जाता है। प्रेम विवाह से जो अंतर्जातीय विवाह होते हैं उनमें आपने कहा 96% विवाह असफल हो जाते है। आपने युवक युवतियों के अभिभावकों एवं युवक युवतियों को आव्हान किया कि उच्च अध्ययन के लिए अपने युवक युवतियों को बाहर भेजते हैं एवं और नौकरी पर भेजते हैं तो उन्हें मार्गदर्शन दें कि वे मुनिराजों एवं आर्यिका माताओं के मार्गदर्शन में रहे। युवक युवतियों को यह भी संकल्प दिलाए कि पढ़ाई दौरान एवं विवाह के पूर्व तक ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करें। युवक युवतियों में एक दूसरे के प्रति आकर्षण एवं भावावेश से हुए अंतर्जातीय विवाह में पछतावा ही मिलता है।
मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने प्रवचन के अंत में स्वरचित कविता सुनाई शीर्षक है "जल्दी में बिगड़े काम थोड़ा धीरज धरो।"
मंच संचालक विकास कुमार जैन ने प्रवचन सभा में उल्लेख किया आगामी 1 नवंबर 26 रविवार को आयोजित भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह की तैयारी जैन समाज राघौगढ़ द्वारा जोर-शोर से की जा रही है। इस आयोजन में गुना, रुठियाई, धरनावदा, एनएफएल विजयपुर, साडा कॉलोनी, आरोन,आवन,कुंभराज, बीनागंज, जामनेर, गंज बासौदा, सागर, महाराजपुर, उज्जैन, सुसनेर, नलखेड़ा आदि के श्रद्धालु उत्साह से सम्मिलित होने राघौगढ़ पधार रहे हैं।
