कार्बाइड गन के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, जप्त कर दुकान सील की गई
गुना, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक गुना श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन में आगामी त्यौहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं लोकशांति बनाए रखने के उद्देश्य से कस्बा बीनागंज के निचले बाजार में औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदार श्री लाल विश्वकर्मा, पिता श्री वंशीलाल विश्वकर्मा, उम्र 69 वर्ष, निवासी निचला बाजार, बीनागंज की दुकान से चार कार्बाइड गन जब्त कर दुकान सील की गई।
उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जिले की सीमा में कार्बाइड गन एवं अन्य असुरक्षित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण, प्रदर्शन एवं उपयोग पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। ऐसे उपकरणों से विस्फोट अथवा अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न होने के कारण जनसुरक्षा, स्वास्थ्य एवं लोकव्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।
प्रशासन एवं पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण अथवा उपयोग की सूचना प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। कार्यवाही के दौरान एसडीएम चांचौड़ा श्रीअमित सोनी,कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं चौकी प्रभारी बीनागंज उपस्थित रहे।
