*संपत्ति संबंधी अपराधों में गुना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही*
*चांचौड़ा थाना क्षेत्र से ट्रेक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता
*सतत सूचना संकलन एवं प्रभावी तकनीकि विश्लेषण के परिणामस्वरूप चोरी गये ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद*
*ट्रेक्टर-ट्रॉली को राजस्थान तरफ ले जाते एक आरोपी किया गिरफ्तार, फरार एक की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा चोरी की घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सतत सूचना संकलन एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी गए करीब 08 लाख कीमत के ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्थान की ओर ले जाते हुए बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, प्रकरण में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 03 अक्टूबर 2026 की रात्रि में चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम आशाखेड़ी चक निवासी फरियादी राधेश्याम मीना का आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP08-ZB-0254 अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर लिया गया था । फरियादी की रिपोर्ट पर चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 336/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चांचौड़ा थाना पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की । पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए । इसी दौरान दिनांक 08-09 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आशाखेड़ी चक से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली एक व्यक्ति गोया रोड से होते हुए राजस्थान की ओर लेकर जा रहा है । सूचना मिलते ही थाना चांचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी से पुलिस की एक टीम तत्काल रवाना हुई और गोया रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रोक लिया गया । पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम देवेन्द्र पुत्र रामसेवक मीना, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम सागर, थाना चांचौड़ा, जिला गुना का बताया एवं पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करना स्वीकार किया । इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से प्रकरण में चोरी ट्रैक्टर-ट्रॉली कीमती 08 लाख रुपये को विधिवत जप्त कर लिया है । प्रकरण में फरार दूसरे आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप तोमर, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नवदीप शर्मा तथा साइबर सेल के आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक एवं आरक्षक अभय रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।
