राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला का 98 वां दिन
जब मन में भाव आये जागृत होकर इसी समय आत्म कल्याण की ओर बढ़ें। मुनि श्रमण सागर जी
राघौगढ़ में हायकू परीक्षा 25 अक्टूबर को।
राघौगढ़ 24 अक्टूबर। दिगंबर जैन आचार्य विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, प्रवचन वाचस्पति, विद्यागुरु कुल गौरव, महा तपस्वी, बुंदेली महाकवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने "संसार की नींद से कैसे जागे" इस विषय पर शनिवार को विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला के 98 वे दिन मंगल प्रवचन करते हुए कहा "कहावत है जब जागो तभी सबेरा।" आपने संसार से विरक्ति के चार कारणों का उल्लेख किया। पहला बचपन में जागने से वैराग्य होना। आपने कहा सुप्रसिद्ध जैन आचार्य जिनसैन स्वामी ने 8 वर्ष की उम्र में जाग कर वैराग्य ले लिया था। दूसरा युवा अवस्था में कोई वैराग्य का प्रसंग सुनकर जागृत हो गए और वैराग्य धारण कर लिया यह परम सौभाग्यशाली माने जाते हैं। तीसरे वे होते हैं जो प्रौढ़ अवस्था में सोच कर जागरूक हो जाते हैं वह सौभाग्यशाली होते है। चौथे वे होते हैं जो वृद्धा अवस्था में सांसारिक भोगों के बाद जागते हैं। आपने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के वचनों का उल्लेख करते हुए कहा मौत हमें गिरफ्तार करें इसके पहले पापों की रफ्तार कम कर दो। आज के आम आदमी की सोच का उल्लेख करते हुए आपने कहा किसी का अंतिम संस्कार करने शमशान घाट जाते हैं संसार असार है यह भाव श्मशान घाट में आते हैं। कुछ ही देर बाद घर आकर नहाते हैं और असार संसार के जो भाव आए हैं उन्हें नहा कर छोड़ देते हैं। हर व्यक्ति आज पैसे के पीछे भाग रहा है। यह स्थिति हो गई है कुत्ता जो हड्डी चबाता हैं हड्डी चबाने में जो मुंह से खून निकलता है उसे वह हड्डी का स्वाद मानकर आनंद लेता है। मनुष्य को नोटों की गड़्डियों में आनंद आता है।
जीवन के अंतिम समय में भी संसार से विरक्ति के भाव नहीं आए तो यह निश्चित है कि घोर दुख सहने पड़ेंगे। प्रतिदिन की भांति मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने प्रवचन में ज्ञानवर्धक बुंदेली कविता सुनाई शीर्षक है "उन्ने तो कही थी, खूब कही थी, हम ही ने ना मानी।"
चातुर्मास मंच संचालक विकास कुमार जैन ने जानकारी दी है 25 अक्टूबर रविवार को दोपहर 1 बजे से आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के ज्ञानवर्धक लघु दोहों हायकू की परीक्षा विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में संघस्थ मुनि ओंकार सागर जी महाराज के पावन निर्देशन में आयोजित की गई है। इस परीक्षा में छात्र-छात्राओं के दो वर्ग वरिष्ठ वर्ग एवं कनिष्ठ वर्ग हैं। एक वर्ग महिलाओं का है। सौ परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। जैन समाज राघौगढ़ द्वारा परीक्षा में सफल परीक्षार्थियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जैन समाज कुंभराज के अध्यक्ष विवेक जैन के नेतृत्व में शिष्ट मंडल ने मुनि श्री को श्रीफल भेंट किया, जैन समाज नलखेड़ा एवं छतरपुर से आए श्रद्धालुओं ने भी श्रीफल भेंट का आशीर्वाद लिया।
