*आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में गुना पुलिस की सक्रिय कार्यवाही*
ग्राम झागर में युवक द्वारा आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया
*पूर्व में एक आरोपी विट्ठल किरार हो चुका है गिरफ्तार, शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों की निष्पक्षता से जांच कर आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में धरनावदा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम झागर थाना धरनावदा निवासी हेमराज पुत्र लालाराम किरार उम्र 35 वर्ष, ने दिनांक 18 सितंबर 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था । उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी । घटना पर धरनावदा थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई । प्रकरण की जांच डीएसपी श्री विवेक अष्ठाना को सौंपी गई थी ।
पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों से पूछताछ, घटनास्थल के निरीक्षण, मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट सहित अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई । जांच में सामने आया कि आरोपी विट्ठल किरार एवं अन्य के साथ रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद, मारपीट, जमीन बेचने के लिए दबाव बनाने तथा पूर्व में बेची गई जमीन के सौदे के अनुसार पूरी राशि नहीं देने जैसी परिस्थितियों के कारण मृतक मानसिक रूप से प्रताड़ित था । इन परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर मृतक हेमराज किरार द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात जांच में सामने आई । संपूर्ण मर्ग जांच उपरांत दिनांक 25 सितंबर 2026 को चार आरोपियों के विरुद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 202/26, धारा 108, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया ।
प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद से ही पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । जिसके तहत दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को एक आरोपी विट्ठल किरार निवासी ग्राम झागर, को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है । प्रकरण के शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही हैं । जिसके क्रम में दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर झागर चौकी पुलिस ने तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए एक और फरार आरोपी रूप सिंह उर्फ रूपा पुत्र विट्ठल किरार उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम झागर थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया । प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है ।
इस कार्यवाही में डीएसपी श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा, झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम, सहायक उपनिरीक्षक शिवनंदन सिंह, प्रधान आरक्षक जोगेश शर्मा, प्रधान आरक्षक राघवेंद्र बुन्देला, प्रधान आरक्षक अजय कुमार एवं आरक्षक पवन शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है ।
