Type Here to Get Search Results !

फतेहगढ़ थाना पुलिस की दो अलग-अलग कार्यवाहियों में करीब 03 लाख रुपये कीमत के पटाखे जप्त

 *अवैध आतिशबाजी के भंडारण पर गुना पुलिस का सतत प्रहार*


फतेहगढ़ थाना पुलिस की दो अलग-अलग कार्यवाहियों में करीब 03 लाख रुपये कीमत के पटाखे जप्त


*चार आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा अवैध रूप से आतिशबाजी पटाखों का भंडारण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यवाही करते हुए करीब 03 लाख रुपये कीमत के पटाखे जप्त किए गए हैं । दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 07 नवंबर 2026 को फतेहगढ़ थाना पुलिस की टीम ग्राम जैतपुरा में ड्यूटी पर तैनात थी । इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जैतपुरा निवासी कालीचरण राठौर अपनी किराना दुकान के सामने बेंच पर आतिशबाजी पटाखे रखकर अवैध रूप से विक्रय कर रहा है । सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जहां दुकान के सामने बेंच पर आतिशबाजी पटाखे रखे हुए मिले । पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति से पटाखों के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्यवाही करते हुए कुल 30 किलो 600 ग्राम आतिशबाजी पटाखे कीमती करीब 60 हजार रुपये के जप्त किए । उक्त मामले में आरोपी कालीचरण पुत्र रामप्रसाद राठौर, उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम जैतपुरा थाना फतेहगढ के विरुद्ध थाना फतेहगढ़ में अपराध क्रमांक 233/2026, धारा 5 एवं 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               इसी क्रम में आज दिनांक 08 नवंबर 2026 को फतेहगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जौहरी हाट में बमोरी निवासी छोटू खान, सद्दाम खान एवं इलू मंसूरी द्वारा मैदान में दुकान लगाकर दीपावली के अवसर पर विक्रय हेतु बड़ी मात्रा में आतिशबाजी पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है । सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी गई । पुलिस को आता देख दुकान पर मौजूद व्यक्ति वहां से भाग निकले । पुलिस टीम द्वारा दुकान की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के आतिशबाजी पटाखों के आठ कार्टून रखे मिले। पुलिस द्वारा करीब 2 लाख 40 हजार रुपये कीमत के उक्त पटाखों को जप्त किया गया । इस मामले में आरोपीगण 1-छोटू खान, 2-सद्दाम पुत्र सिद्दीकी खान एवं 3-इलू पुत्र अनवर मंसूरी, निवासीगण बमोरी के विरुद्ध थाना फतेहगढ़ में अपराध क्रमांक 234/2026 धारा 5, 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।


               उक्त दोनों कार्यवाहियों में थाना प्रभारी फतेहगढ़ उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, प्रधान आरक्षक गिर्राज शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बारेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक बृजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक नीरज शर्मा, आरक्षक लेखराज भील एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव तथा आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की सराहनीय भूमिका रही ।


               गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध विस्फोटक सामग्री एवं आतिशबाजी के अवैध भंडारण तथा परिवहन के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.