Type Here to Get Search Results !

शादी के 16 साल बाद घर में गूंजी किलकारी, हाई रिस्क प्रेगनेंसी में सफल सिजेरियन से मिला मातृत्व सुख

 शादी के 16 साल बाद घर में गूंजी किलकारी, हाई रिस्क प्रेगनेंसी में सफल सिजेरियन से मिला मातृत्व सुख

डॉ. सतीश राजपूत के कुशल उपचार से महिला ने स्वस्थ पुत्र को दिया जन्म, जच्चा-बच्चा सुरक्षित


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय गुना में एक जटिल हाई रिस्क प्रेगनेंसी का सफल उपचार कर चिकित्सकीय उत्कृष्टता की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की गई। शादी के 16 साल तक संतान सुख से वंचित रहे आरोन क्षेत्र निवासी भूरिया बाई, पत्नी सुरेन्द्र कुशवाह ने सफल सिजेरियन ऑपरेशन के बाद स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। डॉ. सतीश राजपूत के कुशल उपचार, सतत निगरानी एवं त्वरित चिकित्सकीय निर्णय से जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

डॉ. सतीश राजपूत ने बताया कि महिला ने मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के कई बड़े अस्पतालों में उपचार कराया था। जटिल स्वास्थ्य परिस्थितियों के चलते गर्भधारण को लेकर गंभीर जोखिम की आशंका जताई गई थी। इसके बाद महिला उनके संपर्क में आईं और लगातार परामर्श एवं उपचार के परिणामस्वरूप गर्भवती हुईं। महिला की गर्भावस्था अत्यधिक हाई रिस्क थी। गत रात्रि अस्पताल में भर्ती होने पर उनका ब्लड प्रेशर 200/120 तक पहुंच गया था। सांस लेने में परेशानी सहित अन्य गंभीर समस्याओं के चलते तत्काल उपचार एवं सतत मॉनिटरिंग की गई। आवश्यक चिकित्सकीय निर्णय लेते हुए सिजेरियन ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा। इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. विकास राजपूत, सिस्टर लता, विधि, नीतू तथा सहयोगी स्टाफ सुरेखा एवं गिरिराज का सराहनीय योगदान रहा। वर्तमान में माता एवं नवजात दोनों स्वस्थ हैं। 16 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद परिवार में आई इस खुशी से परिजनों में उत्साह का माहौल है। परिजनों ने सफल उपचार के लिए चिकित्सक एवं पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.