जिला अस्पताल गुना में चेहरे की टूटी हड्डी का सफल ऑपरेशन, मरीज बादाम बाई पूरी तरह स्वस्थ
विशेषज्ञ दंत शल्य चिकित्सकों ने किया जटिल ऑपरेशन, मरीज को मिली राहत
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल गुना में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में चेहरे की गंभीर चोट से पीड़ित मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसे राहत प्रदान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभराज से मरीज बादाम बाई चेहरे पर चोट लगने के कारण उपचार हेतु जिला अस्पताल गुना आई थी। जांच के दौरान सीटी स्कैन में चेहरे की हड्डी टूटी हुई पाई गई। साथ ही मरीज का मुंह कम खुलने की समस्या भी सामने आई। जिला अस्पताल गुना में पदस्थ दंत शल्य चिकित्सक डॉ. प्रदीप कश्यप एवं डॉ. निखिल मोरीवाल द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय जांच के उपरांत मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ है तथा वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उपचार सेवाओं से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
