Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री कन्याल ने राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

 कलेक्टर श्री कन्याल ने राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

10 वर्ष बाद मध्यप्रदेश को मिला राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक, एवरेस्ट एकेडमी के कप्तान अनिरुद्ध दाँगी के नेतृत्व में टीम ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कोलकाता में आयोजित 34वीं सब-जूनियर थ्रोबॉल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश को रजत पदक दिलाने वाली टीम के कप्तान एवं गुना के एवरेस्ट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनिरुद्ध दाँगी, टीम के कोच अदनान खान तथा अन्य खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता में आयोजित 34वीं सब-जूनियर थ्रोबॉल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। विशेष उपलब्धि यह रही कि 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मध्यप्रदेश को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त हुआ है। इस सफलता में गुना के एवरेस्ट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ी अनिरुद्ध दाँगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने मध्यप्रदेश टीम के कप्तान के रूप में शानदार नेतृत्व करते हुए टीम को रजत पदक दिलाने में अहम योगदान दिया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अनिरुद्ध ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके साथ पूरी टीम ने एकजुटता और खेल भावना का परिचय देते हुए मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया।

इस प्रतियोगिता में एवरेस्ट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल शिक्षक श्री अदनान खान ने मध्यप्रदेश टीम के कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उनके कुशल प्रशिक्षण, उचित रणनीति और निरंतर मार्गदर्शन के साथ खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम ने इस शानदार सफलता को संभव बनाया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एवरेस्ट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के डायरेक्टर श्री बी.एस. रंधावा ने अनिरुद्ध दाँगी, कोच अदनान खान एवं मध्यप्रदेश की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों बाद राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक प्राप्त करना मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। अनिरुद्ध ने कप्तान के रूप में जिस जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ टीम का नेतृत्व किया है, वह निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। विद्यालय परिवार को अपने खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर गर्व है।

मध्यप्रदेश थ्रोबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्री नरेंद्र यादव ने भी मध्यप्रदेश की टीम को रजत पदक जीतने पर बधाई दी तथा खिलाड़ियों और कोच के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.