गुना: स्वास्थ्य विभाग के लगभग 250 MTS कर्मचारियों को मिला रुका हुआ वेतन, विशाल भार्गव के प्रयास लाए रंग
गुना जिले के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 250 MTS (मल्टी टास्किंग स्टाफ) कर्मचारियों को पिछले कुछ महीनों से वेतन न मिलने की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता विशाल भार्गव के प्रयासों और उनकी पहल पर जिला कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कर्मचारियों का रुका हुआ वेतन जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के इन कर्मचारियों का पिछले कुछ समय से वेतन अटका हुआ था, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। इस गंभीर समस्या को लेकर विशाल भार्गव ने पहले 28 तारीख को फोन पर गुना कलेक्टर से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी। इसके बाद हाल ही में उन्होंने कलेक्टर से प्रत्यक्ष मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
विशाल भार्गव द्वारा मामला संज्ञान में लाए जाने के बाद, कलेक्टर ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया और संबंधित चिकित्सा अधिकारी को तुरंत फोन पर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के चलते कर्मचारियों का रुका हुआ वेतन मिलने का रास्ता साफ हुआ, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों में राहत की लहर है।
कर्मचारियों ने इस त्वरित मदद के लिए जिला कलेक्टर और विशाल भार्गव का आभार व्यक्त किया है।

