दीपावली पर कलेक्टर श्री कन्याल ने वरिष्ठजनों का लिया आशीर्वाद, बच्चों को वितरित किए उपहार
आनंदधाम वृद्धाश्रम एवं सहरिया बस्ती पहुंचकर बच्चों और बुजुर्गों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां
गुना,
दीपावली के पावन अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज गादेर स्थित सहरिया बस्ती एवं कैंट क्षेत्र स्थित आनंदधाम वृद्धाश्रम पहुंचकर बच्चों एवं वरिष्ठजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने सहरिया बस्ती के बच्चों को फुलझड़ियां एवं उपहार वितरित किए तथा आनंदधाम वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया।
भजन की प्रस्तुति ने बनाया आत्मीय वातावरण
आनंदधाम वृद्धाश्रम में कलेक्टर श्री कन्याल के स्वागत में वरिष्ठजन राधाबाई ने 'कौन कहता है भगवान आते नहीं...' भजन की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डे एवं अन्य उपस्थितजनों ने वरिष्ठजनों को फल एवं मिठाई वितरित की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने वरिष्ठजनों से कहा कि आपका आशीर्वाद ही हमारे लिए सर्वोपरि है। हमारा जिला विकसित एवं समृद्ध बने, इसके लिए आपका आशीर्वाद सदैव बना रहे। उन्होंने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप संचालक सामाजिक न्याय श्री रिशु सुमन, तहसीलदार श्री मयंक तिवारी एवं तहसीलदार गुना शहरी श्रीमती आरती गौतम उपस्थित रहीं.




