Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर गुना में भव्य समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर गुना में भव्य समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


शिक्षा, उद्यानिकी और औद्योगिक विकास से जिले को मिल रही नई पहचान : कलेक्टर


विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने के लिए कहा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित




गुना। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित शुभ विदाई गार्डन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले की विकास उपलब्धियों, स्थानीय उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों को प्रदर्शित किया गया। विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने श्रमिकों को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया, वहीं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शिक्षा, उद्यानिकी और औद्योगिक गतिविधियों में जिले की प्रगति को रेखांकित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के जिला स्तरीय विजेताओं को पुरस्कार राशि के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक प्रदर्शनियों ने समारोह को गरिमामय बना दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल भी उपस्थित रही। 


शिक्षा, उद्यानिकी और उद्योग से विकास की नई राहें खुल रहीं : कलेक्टर


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अनेक विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ने तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी के क्षेत्र में भी गुना जिला बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। यहां के किसान उद्यानिकी गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। जिले में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है तथा हाईवे के आसपास नए क्षेत्र विकसित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन गतिविधियों से जिले की प्रगति को गति मिलेगी और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान मिलेगा।


प्रत्येक श्रमिक को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी मिले : विधायक


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत भूमि ऐसी पवित्र भूमि है, जहां जन्म लेने के लिए देवता भी तरसते हैं। 


उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर निर्धारित दर से कम मजदूरी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे मामलों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक श्रमिक को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी प्राप्त हो।


महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों ने आकर्षित किया ध्यान


समारोह स्थल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें मसाले, लकड़ी से निर्मित उत्पाद, दीपक, सुगंधित अगरबत्तियां, मेहंदी सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं की आजीविका गतिविधियों, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।


उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा ‘गुना की अनूठी पहचान’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी में जिले का प्रसिद्ध धनिया, गुलाब और थाई पिंक अमरूद प्रमुख आकर्षण रहे। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई।


मध्यप्रदेश गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा समारोह स्थल


समारोह का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया। स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं देशभक्ति की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।


किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के विजेताओं को पुरस्कार


संस्कृति विभाग द्वारा वीर भारत न्यास के अंतर्गत आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के गुना जिले के तीन विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


- प्रथम पुरस्कार: ग्राम टकनेरा, गुना की श्रीमती अंगूरी अग्रवाल को ट्रैक्टर प्रदान किए जाने के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये की राशि का पुरस्कार दिया गया।

- द्वितीय पुरस्कार: ग्राम पेंची, चाचौड़ा के श्री राहुल नामदेव को बुलेट मोटरसाइकिल प्रदान किए जाने के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये की राशि का पुरस्कार दिया गया।

- तृतीय पुरस्कार: ग्राम बुढ़ेना, आरोन के श्री प्रियांश यादव को ई-स्कूटर प्रदान किए जाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि का पुरस्कार दिया गया।


इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।


जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति


समारोह में विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष टांटिया ने किया तथा आभार एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे ने व्यक्त किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.