*गुमशुदा व्यक्तियों एवं बालक/बालिकाओं की तलाश को लेकर गुना पुलिस का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
*माननीय सर्वोच्च न्यायालय तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के पालन में आयोजित हुआ प्रशिक्षण*
*त्वरित एफआईआर एवं प्रभावी पतासाजी पर जोर*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित प्रकरणों में जारी दिशा-निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के प्रभावी पालन के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम गुना में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी बनाना तथा न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल एफआईआर दर्ज कर गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र पतासाजी, मानव दुर्व्यापार की रोकथाम एवं अनुसंधान, उम्र निर्धारण संबधी महिला अपराधों की प्रथम सूचना एवं विवेचना, गंभीर अपराधों का पर्यवेक्षण, साक्ष्य संकलन एवं विवेचना को सुदृढ बनाना रहा ।
प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन एवं डीएसपी अजाक श्री विवेक अष्ठाना द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइंस, संबंधित कानूनी प्रावधानों, आधुनिक जांच तकनीकों तथा प्रभावी विवेचना के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । साथ ही गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने, त्वरित कार्रवाई करने एवं प्रत्येक प्रकरण में गंभीरतापूर्वक पतासाजी करने पर विशेष जोर दिया गया ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के अनुरूप पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना तथा गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की सुरक्षित एवं शीघ्र तलाश सुनिश्चित करना है ।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी अजाक एवं प्रभारी एसडीओपी राघौगढ श्री विवेक अष्ठाना, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फिरदौस तबस्सुम, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाह आदि सहित समस्त थाना/चौकी के विवेचकगण उपस्थित रहे ।
