Type Here to Get Search Results !

आपदा के समय घबराएं नहीं, सूझबूझ से लें बेहतर निर्णय : कलेक्टर श्री कन्याल

 आपदा के समय घबराएं नहीं, सूझबूझ से लें बेहतर निर्णय : कलेक्टर श्री कन्याल

सीपीआर का प्रशिक्षण जीवन बचाने में महत्वपूर्ण, प्रत्येक वॉलंटियर 10 अन्य लोगों को भी करें प्रशिक्षित


गुना 

होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सिविल डिफेंस वॉलंटियर के सात दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने पीजी कॉलेज गुना में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपदा के समय संयम बनाए रखना और परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित एवं उचित निर्णय लेना बेहद जरूरी है। सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में लोगों की जान बचाई जा सके।

सीपीआर का प्रशिक्षण जीवन बचाने में महत्वपूर्ण

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि सीपीआर देने की सही प्रक्रिया जानना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि समय-सीमा बैठक में भी सभी अधिकारियों को सीपीआर प्रशिक्षण दिलाने के लिए कहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे आपात स्थिति में लोगों की मदद कर सकें। उन्होंने वॉलंटियर्स से आह्वान किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाला प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 अन्य लोगों को भी प्रशिक्षित करे। इससे प्रशिक्षित लोगों की संख्या और आपदा से निपटने की सामूहिक क्षमता कई गुना बढ़ सकती है।

अग्निवीर भर्ती में भी उपयोगी होगा प्रशिक्षण

कलेक्टर ने कहा कि सिविल डिफेंस वॉलंटियर का यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती में भी उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने भविष्य में पुलिस भर्ती में प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रोत्साहन या रियायत देने की संभावनाओं पर भी विचार किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

आपदा के समय सूझबूझ और त्वरित निर्णय जरूरी

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि आपदा की स्थिति में सबसे महत्वपूर्ण है प्रेजेंस ऑफ माइंड यानी विपरीत परिस्थितियों में भी शांत रहकर सही निर्णय लेने की क्षमता। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध संसाधनों और मौके की परिस्थितियों का आकलन कर यह सोचना चाहिए कि किस तरह बेहतर तरीके से स्थिति को संभाला जा सकता है। सही समय पर लिया गया निर्णय जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

वॉलंटियर्स ने साझा किए प्रशिक्षण के अनुभव

कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आर.के. पथरोल ने सात दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सुश्री सपना प्रजापति सहित अन्य वॉलंटियर्स ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई जानकारियों के बारे में बताया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री संदीप मेहरा द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन कंपनी कमांडर श्री मनोज कुमार भदौरिया द्वारा किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.