योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, लंबित कार्यों को समय-सीमा में करें पूर्ण – कलेक्टर श्री कन्याल
कलेक्टर की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
गुना
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के कार्यों, विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति तथा लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वीकृत आवासों के आवंटन की सूची सभी संबंधित स्थानों पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को पात्र हितग्राहियों की जानकारी मिल सके और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास आवंटन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आवास योजना की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने, उत्पादों का उत्पादन बढ़ाने तथा उनकी बेहतर मार्केटिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूहों से अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
VB-G RAM G योजना की समीक्षा
बैठक में VB-G RAM G योजना के अंतर्गत नए कार्यों के सृजन एवं स्वीकृति, स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की मॉनिटरिंग तथा लंबित मनरेगा कार्यों को पूर्ण कराने की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मजदूरी एवं सामग्री भुगतान, रिजेक्टेड FTO और लंबित भुगतान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण कार्यों की समय पर जियो टैगिंग कराने तथा 'एक बगिया मां के नाम' योजना में नए हितग्राहियों के चयन और पौधरोपण की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही योजना में जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पीएम जनमन आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों की लंबित दूसरी एवं तीसरी किस्त जारी कराने, लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों को पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। इसके साथ ही आवास प्लस एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
टीमवर्क और हितग्राही संतुष्टि को दें प्राथमिकता
कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य टीमवर्क के माध्यम से किए जाएं। योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से मिलने वाला फीडबैक योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति दर्शाता है, इसलिए अधिकारियों को हितग्राहियों की संतुष्टि और समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
