धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने के दस आरोपी गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट एवं हमले की घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित दस आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से दोनो नाबालिकों को बाल सम्प्रेक्षण गृह एवं अन्य सभी आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 09 नवम्बर की रात्रि को प्रार्थी समारू राम देवांगन (निवासी राजीव नगर , दुर्ग) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर वाद-विवाद हुआ था। विवाद के पश्चात आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर एक राय होकर उक्त घटना को कारित किया। इस हमले में मृतक को गंभीर चोटें आईं , जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में निरीक्षक नवीन राजपूत द्वारा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं (धारा 103(1) , 61(2) , 191(1) , 191(2) , 331(8) बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले पर त्वरित कार्यवाही करते हुये धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित दस आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से दोनो नाबालिकों को बाल सम्प्रेक्षण गृह एवं अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया। इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली पुलिस स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपीगण -
पंकज ठाकुर पिता केदार ठाकुर उम्र 28 वर्ष , निखिल ठाकुर पिता संदीप ठाकुर उम्र 20 वर्ष , खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी पिता केदार ठाकुर उम्र 22 वर्ष , संगीता ठाकुर पति संदीप ठाकुर उम्र 35 वर्ष , पुष्पा ठाकुर पति लल्ला ठाकुर उम्र 30 वर्ष , योगिता ठाकुर पिता संदीप ठाकुर उम्र 18 वर्ष , संदीप ठाकुर पिता मालिक राम ठाकुर उम्र 42 वर्ष , सत्या साहू पिता स्वर साहू उम्र 18 वर्ष सभी निवासी वार्ड नंबर 04 राजीव नगर , दुर्ग तथा 02 विधि से संघर्षरत बालक।
