समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
स्वामित्व योजना, नरवाई प्रबंधन, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की
श्रीरामलीला उत्सव सहित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के आयोजन को लेकर भी दी जानकारी
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वामित्व योजना, नरवाई जलाने पर रोक, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, पेंशन प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। साथ ही मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वामित्व योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में करें पूरा
कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि तहसीलदार एवं पटवारियों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य कर निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करें। सभी एसडीएम योजना के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।
नरवाई जलाने की घटनाओं पर करें नियमानुसार कार्रवाई
कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि जहां नरवाई जलाए जाने की पुष्टि हो, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सभी एसडीएम फील्ड में जाकर स्थिति की निगरानी करें तथा संबंधित प्रकरण तैयार कर जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने किसानों को नरवाई नहीं जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से लंबित शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना
बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत आगामी 20 नवंबर 2026 को देवउठनी ग्यारस के अवसर पर प्रस्तावित सामूहिक विवाह सम्मेलन की जानकारी भी दी गई। आयोजन के लिए 01 नवंबर 2026 से संबंधित जनपद पंचायतों, नगरपालिका एवं नगर परिषदों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए कन्या एवं उसके अभिभावक का गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार से संबंधित होना आवश्यक है। इसके साथ ही हितग्राही का बीपीएल पोर्टल पर सत्यापन अनिवार्य होगा। इच्छुक पात्र हितग्राही आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित जनपद पंचायत, नगरपालिका अथवा नगर परिषद कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
योजना के तहत सामूहिक विवाह में शामिल होने वाली प्रत्येक पात्र वधू को 49 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। शेष 6 हजार रुपये सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन एवं व्यवस्थाओं पर व्यय करने के लिए जिला स्तर से प्रदाय किए जाएंगे। हितग्राहियों को आवेदन के साथ बीपीएल पोर्टल पर जानकारी का सत्यापन एवं बैंक खाते से संबंधित विवरण सही होना सुनिश्चित करना होगा।
12 से 16 नवंबर तक आयोजित होगा पांच दिवसीय श्रीरामलीला उत्सव
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन गुना के सहयोग से दिनांक 12 से 16 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय श्रीरामलीला उत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से दशहरा मैदान के सामने स्थित बीज निगम मैदान में श्रीरामकथा के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित लीलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में आमजन के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
