Type Here to Get Search Results !

पीएम श्री विद्यालय में बाल दिवस एवं ज्ञान पंचमी,भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर्षोल्लास से मनाई

 पीएम श्री विद्यालय में बाल दिवस एवं ज्ञान पंचमी,भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर्षोल्लास से मनाई


*बाल मेले में बच्चों ने लगाईं आकर्षक दुकानें, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*


*सामाजिक संगठनों ने विद्यार्थियों को उपहार भेंटकर किया प्रोत्साहित*



झकनावदा/पेटलावद (निप्र)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जन्मजयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री विद्यालय झकनावदा परिसर में बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाल दिवस के साथ ज्ञान पंचमी का पर्व भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बाल मेले की दुकानों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, आईजा मध्यप्रदेश मानव सेवा चेयरमैन मनीष कुमट (जैन), पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कांसवा, मंडल उपाध्यक्ष ठा. परीक्षित सिंह राठौर, वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप पालरेचा, वरिष्ठ भाजपा नेता पारस जैन, पूर्व पालक संघ अध्यक्ष फकीरचंद माली, समाजसेवी मितेश कुमट, आशीष भांगू, गोपाल सोनी, नारायण राठौड़, नमन पालरेचा एवं देवेंद्र श्रीवास्तव अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


*स्काउट गाइड के छात्रों ने दी सलामी*


विद्यालय पहुंचने पर स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने अतिथियों को सलामी देकर स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। विद्यालय परिवार की ओर से संकुल प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया एवं शिक्षक शत्रुघ्न मालवीय ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।


*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*


पीएम श्री बालक प्राथमिक विद्यालय झकनावदा एवं शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती वन कन्या आश्रम, शासकीय कन्या शाला, शासकीय हाई सेकेंडरी विद्यालय के विद्यार्थियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित गीत पर आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


*बाल मेले में बच्चों की दुकानों पर उमड़ी रौनक*


बाल मेले में विद्यार्थियों ने पानी-पताशे, जलजीरा, पॉपकॉर्न, पिंगल, मूंगफली, जामफल एवं ठंडी छाछ सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की दुकानें सजाईं। अतिथियों ने प्रत्येक दुकान का निरीक्षण किया तथा बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल से सामग्री खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, व्यापारिक समझ एवं आत्मनिर्भरता का अनुभव मिला।


*सपनो की दीवार कार्यक्रम अंतर्गत कलेक्टर, एसडीएम और डॉक्टर बनने का सपना लेकर पहुंचे बच्चे*


खुशहाल बच्चे सशक्त राष्ट्र कार्यक्रम मनाकर बच्चों ने नारा बुलंद किया।  आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने अपने हाथों में कलेक्टर, तहसीलदार, पटवारी, डॉक्टर, एसडीएम, शिक्षक एवं व्यापारी जैसी विभिन्न जिम्मेदारियों के नाम की तख्तियां लेकर अपनी भविष्य की आकांक्षाओं को प्रदर्शित किया। अतिथियों ने बच्चों से उनके सपनों को लेकर सवाल किए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। बच्चों ने बताया कि वे पढ़-लिखकर अपनी रुचि के अनुसार बड़े पदों पर पहुंचना चाहते हैं तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करना चाहते हैं। साथ ही पंडित जवाहरलाल नेहरू के उस विचार को साकार करना चाहते हैं, जिसमें बच्चों को देश का भविष्य बताया गया है।


*ज्ञान पंचमी पर की मां सरस्वती की पूजा-अर्चना*


बाल दिवस के आयोजन के साथ ज्ञान पंचमी का पर्व भी मनाया गया। अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष कुमट (जैन) ने विद्यालय परिसर में उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षक- शिक्षिकाओं से मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण करवाकर ज्ञान की पूजा-अर्चना कराई। इस अवसर पर शिक्षा, संस्कार एवं ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला गया।


*सामाजिक संगठनों ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत*


कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प जनकल्याण फाउंडेशन झकनावदा, राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग, ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजा), अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद एवं, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप पालरेचा,पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कांसवा की ओर से बच्चों को नगद राशि, चॉकलेट एवं मोम कलर भेंटकर पुरस्कृत किया गया।


*यह रहे मुख्य रूप से मौजूद*


इस अवसर पर संकुल प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया, शिक्षक हेमेन्द्र कुमार जोशी, श्रीकांत यादव,शत्रुघ्न मालवीय, श्रीमती कलावती मकवाना, श्रीमती मोनू सोलंकी, दीपिका चौहान, शीतल गोस्वामी,आरती मिस्त्री,हर्षिता चोयल,लक्ष्मी चौधरी, दिनेश बघैल, कैलाश कटारा, ओकर चोयल,अनिल बलूंदिया, सन्तोष चारेल, रिंकु पंवार, यशपाल घाटीया,निलेश मुलेवा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


*यह था आयोजन का मुख्य उद्देश्य*


कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा शिक्षा के साथ संस्कार, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना रहा। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.