अवैध कॉलोनियों पर होगी सख्त कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉलोनाइजरों पर प्रशासन कसेगा शिकंजा
कलेक्टर ने नगर पालिका एवं कलेक्ट्रेट में विशेष विंग बनाने और हर सप्ताह मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
गुना महोत्सव में भजन संध्या, कवि सम्मेलन के साथ दिखेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई, खाद की उपलब्धता, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण, आगामी गुना महोत्सव की तैयारियों सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं अभियानों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कॉलोनी विकसित करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त हों और संबंधित भूमि किसी विवाद में न हो तथा शासकीय अथवा आदिवासी समुदाय की भूमि न हो। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए विशेष विंग बनाने के निर्देश
बैठक में एसडीएम राघौगढ़ द्वारा ग्राम रघुनाथपुरा स्थित कान्हा लेक सिटी के संबंध में प्राप्त शिकायत की जानकारी देते हुए बताया गया कि शिकायत के आधार पर कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किया गया तथा तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर कॉलोनी को अवैध घोषित किया गया है। इस पर कलेक्टर ने प्रकरण में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनी विकसित करने से पहले भूमि की स्थिति की जांच की जाए। भूमि विवादित, शासकीय अथवा आदिवासी समुदाय की नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही कॉलोनाइजर सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के बाद ही कॉलोनी विकसित करें।
कलेक्टर ने नगर पालिका एवं कलेक्ट्रेट में इस कार्य के लिए विशेष विंग गठित करने तथा प्रत्येक सप्ताह इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार काम करने वाले कॉलोनाइजरों को अनावश्यक परेशानी न हो तथा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आतिशबाजी दुकानों के लिए एसओपी का पालन सुनिश्चित करें
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को आगामी त्यौहार के मद्देनजर आतिशबाजी दुकानों की व्यवस्था निर्धारित एसओपी के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिगत टीन शेड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
खाद की उपलब्धता पर नियमित बुलेटिन जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने कृषि उपसंचालक को खाद की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति के संबंध में नियमित बुलेटिन जारी करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खाद की स्थिति की अद्यतन जानकारी मिलती रहे।
सीएम हेल्पलाइन के जवाबों की अधिकारी स्वयं करें समीक्षा
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कुछ शिकायतों के जवाब मौके पर ही पढ़े तथा संबंधित अधिकारियों को उनका उचित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान दिए जा रहे जवाबों को रेंडमली स्वयं भी पढ़ें और उनका निराकरण करे।
गुना महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा मंच
आगामी गुना महोत्सव के आयोजन को लेकर कलेक्टर ने सभी विभागों से समन्वय कर विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में भजन संध्या, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का समावेश किया जाए। उन्होंने कहा कि महोत्सव का अर्थ सभी गतिविधियों का समावेश होना है। इसमें स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर दिया जा सकता है। साथ ही ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनके माध्यम से लोगों को हमारी पौराणिक परंपराओं, पारंपरिक परिधानों और लोकनृत्यों की जानकारी मिल सके।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के प्रकरणों की गूगल शीट में दर्ज करें जानकारी
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने यहां प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की जानकारी निर्धारित गूगल शीट में समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। जिन प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, उनकी जानकारी अपडेट करें तथा जिनका निराकरण संभव नहीं है, उनके संबंध में स्पष्ट कारण भी दर्ज करें।
