आरओबी निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया गया, प्रशासन की कार्रवाई जारी
गुना
गुना–अशोकनगर–ईसागढ़ मार्ग के किमी 3+560 पर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) 12के निर्माण कार्य में बाधा बन रहे स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमणों को प्रशासन द्वारा हटाया गया। यह निर्माण कार्य एमपीआरडीसी विभाग द्वारा लगभग 30.42 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
आरओबी निर्माण के अंतर्गत एप्रोच रोड, सर्विस रोड एवं ड्रेनेज निर्माण के लिए दोनों ओर सड़क के मध्य बिंदु से लगभग 16 मीटर चौड़ाई के राइट ऑफ वे (ROW) की आवश्यकता है। इसी के मद्देनजर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक टीम ने सिंगवासा (कैंट अशोकनगर रोड) क्षेत्र में आरओबी निर्माण में अवरोध बन रहे अतिक्रमणों को शांतिपूर्ण तरीके से हटाया। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी एवं सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री एवं तहसीलदार श्री जीएस वैरवा सहित नगरपालिका एवं राजस्व का अमला सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और पूरे अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
प्रशासन ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा तथा लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इसलिए निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले सभी अतिक्रमणों को हटाकर कार्य को गति दी जा रही है।
