Type Here to Get Search Results !

हनुमान जयंती की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सजग, कलेक्‍टर-एसपी द्वारा पैदल चलकर किया निरीक्षण

 


हनुमान जयंती की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सजग, कलेक्‍टर-एसपी द्वारा पैदल चलकर किया निरीक्षण

गुना 


हनुमान जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने हनुमान टेकरी पहुंचकर व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर मेला स्थल एवं पहुंच मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया।


व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर ट्रस्ट समिति ने बताया कि एक दिवसीय इस मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिसके मद्देनजर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।


सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन करने के लिए "हेड काउंट" सिस्टम लागू किया जाए। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे इस प्रकार लगाए जाएंगे कि उनकी पहचान स्पष्ट रूप से हो सके। साथ ही एक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी।


500 वालंटियर्स की तैनाती होगी अनिवार्य

मेले के सुचारू संचालन के लिए कम से कम 500 वालंटियर्स तैनात किए जाएंगे। सभी वालंटियर्स को पहचान के लिए बैच, सीटी, टोपी के साथ उनकी सूची कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाएगी।


यातायात और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्‍यान

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक यातायात मार्ग चिन्हित किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग को बूढ़े बालाजी से टेकरी तक सड़क मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण और खुली वायरिंग पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।


स्वास्थ्य एवं आपात सेवाएं रहेंगी मुस्तैद

मेले के दौरान चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए हैं।


श्रद्धा के आयोजन को सफल बनाना सबकी जिम्मेदारी

कलेक्टर ने कहा कि हनुमान जयंती आस्था और विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

आज निरीक्षणक के दौरान अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम श्रीमती शिवानी पाण्‍डे, डिप्‍टी कलेक्‍टर एवं प्र.सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर, तहसीलदार गुना श्री जीएस बैरवा सहित पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण एवं अन्‍य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.