Type Here to Get Search Results !

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में हनुमान जयंती पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़

 पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में हनुमान जयंती पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़



*आगामी हनुमान जयंती के उपलक्ष्य पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा हनुमान टेकरी का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा*


               आगामी दिनांक 02 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती पर्व के अवसर पर श्री हनुमान टेकरी पर आयोजित होने वाले मेले के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है । हनुमान जयंती के दिन श्री हनुमान टेकरी पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ एकत्रित होती है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर श्री किशोर कुमार कान्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के मार्गदर्शन में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा हनुमान टेकरी क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया ।

               भ्रमण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी तथा संवेदनशील स्थानों का बारीकी से अवलोकन किया गया । साथ ही, पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए ।


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हनुमान जयंती के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं । उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के निर्देश भी दिए ।


               इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की । पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ।


               गुना पुलिस द्वारा हनुमान जयंती पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.