कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बैठक आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, पीओ डूडा श्री संजय श्रीवास्तव, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री सहित विभिन्न नगरीय निकायों के सीएमओ एवं नगरीय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी सहित अन्य नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं पार्षद भी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो निरंतर मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों का भी कर्तव्य है कि वे सफाई मित्रों का सहयोग करें, तभी शहर को स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफाई मित्रों को कार्य के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध के लिए किट प्रदान की जानी चाहिए, जिसमें पानी की बोतल, गलब्ज आदि सामग्री शामिल है। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले सफाई मित्रों को माला और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किए जाने की भी व्यवस्था की जानी चाहिए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि यदि सूखा और गीला कचरा एक साथ एकत्रित किया जाएगा, तो उसके निस्तारण और डंपिंग में कठिनाई आती है। इसलिए घरों से कचरा संग्रहण के समय ही सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने की आदत विकसित करना आवश्यक है। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा भी स्वच्छता से संबंधित विभिन्न सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री ने स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रक्रिया, अंकों के विभाजन तथा इसमें शामिल विभिन्न मापदंडों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैंकिंग के लिए नगरीय निकायों को पांच श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनमें बहुत छोटे शहर, छोटे शहर, मध्यम शहर, बड़े शहर तथा मिलियन प्लस शहर शामिल हैं।
