शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 अंतर्गत नि:शुल्कआवासीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
गुना
म.प्र. शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 संचालित की जा रही है। योजना अंतर्गत गुना जिले में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए पृथक-पृथक आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑफलाइन एवं निःशुल्क रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 11 मई 2026 तक कार्यालयीन समय सायं 6:00 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट www.bcwelfare.mp.gov.in एवं जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं।
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित पुरानी कलेक्ट्रेट, जिला गुना स्थित कार्यालय सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में जमा करना अनिवार्य होगा। योजना में सम्मिलित 20 जिलों के अतिरिक्त मध्यप्रदेश के अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे तथा चयनित अभ्यर्थी किसी भी एक जिले के प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
पात्रता की शर्तों के अनुसार अभ्यर्थी मध्यप्रदेश का मूल निवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग का होना चाहिए तथा नॉन-क्रीमीलेयर श्रेणी में होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। शारीरिक मापदंडों में पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी तथा महिलाओं के लिए 155 सेमी निर्धारित है। साथ ही सैन्य भर्ती हेतु आवश्यक अन्य शारीरिक मानक जैसे फ्लैट फुट (नॉक-नी) न होना, घुटनों का न मिलना, दृष्टि, जबड़े एवं निरोगी स्वास्थ्य भी आवश्यक होगा।
अभ्यर्थियों का चयन 12वीं कक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर किया जाएगा। समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतिम चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता विभागीय सहायक संचालक अथवा नियंत्रक अधिकारी करेंगे।
योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों को प्रतिदिन 4 घंटे का सैद्धांतिक प्रशिक्षण तथा 3 घंटे का शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कम्प्यूटर, अंग्रेजी सहित अन्य विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। शारीरिक प्रशिक्षण में रनिंग, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहेंगी।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को निःशुल्क भोजन, आवास, शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रशिक्षण अवधि में निर्धारित दर अनुसार छात्रवृत्ति राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय प्रकृति का होगा।
जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
