Type Here to Get Search Results !

भीषण गर्मी को लेकर एडवायजरी जारी, लू से बचाव के लिए प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 भीषण गर्मी को लेकर एडवायजरी जारी, लू से बचाव के लिए प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश


गुना 

कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल के निर्देश पर स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा क्षेत्र में बढ़ती भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा एडवायजरी जारी की गई है। इसमें लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की गई है।


एडवायजरी के अनुसार, गर्मी के दिनों में बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और भोजन एवं पानी लेकर ही घर से निकलें। धूप में जाते समय सिर, कान और गर्दन को गमछे या तौलिये से ढककर रखें तथा चश्मा और छतरी का उपयोग करें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी और पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।

बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है। उन्हें तेज धूप, खासकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने दें। साथ ही ठंडे मौसमी फल और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।

एडवायजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना भोजन किए बाहर न निकलें और लंबे समय तक धूप में खड़े रहकर कार्य या व्यायाम न करें। भीड़भाड़ और गर्म बंद स्थानों से बचें तथा अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। बच्चों और पालतू जानवरों को कभी भी धूप में खड़ी गाड़ी में अकेला न छोड़ें और नंगे पैर धूप में चलने से बचें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे और गैसयुक्त पेय पदार्थों का सेवन कम करने की सलाह दी गई है।


लू लगने के लक्षणों में तेज बुखार (40 डिग्री सेल्सियस तक), गर्म और सूखी त्वचा, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी, चक्कर आना और बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत सावधानी बरतने की जरूरत है।


प्राथमिक उपचार के तहत प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर कपड़े ढीले करें और हवा करें। बेहोशी की स्थिति में कुछ भी खाने-पीने को न दें और तुरंत चिकित्सा सहायता लें। होश में होने पर ठंडे पेय, ओआरएस या कच्चे आम का शर्वत दिया जा सकता है। शरीर का तापमान कम करने के लिए ठंडे पानी से स्नान कराना या ठंडी पट्टियां रखना भी उपयोगी है।

प्रशासन ने अपील की है कि लू लगने की स्थिति में तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाया जाए, ताकि समय पर उपचार मिल सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.