Type Here to Get Search Results !

इलाज भी, इरादे भी: बाल संप्रेषण गृह में शिविर

 इलाज भी, इरादे भी: बाल संप्रेषण गृह में शिविर


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में आज जिला चिकित्सालय गुना, स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाल संप्रेषण गृह नानाखेड़ी एवं मां स्वरूप आश्रम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिला चिकित्सालय से मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. लखनलाल धाकड़ एवं डॉ. एकता जैन (फिजियोथैरेपिस्ट) द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर बाल संप्रेषण गृह के प्रभारी श्री सिंह चौहान उपस्थित रहे।

मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी द्वारा बच्चों को बताया गया कि गुस्से या गलती में हुए अपराधों में सुधार के उद्देश्य से उन्हें यहाँ रखा गया है। उन्होंने बच्चों को गुस्सा, चिड़चिड़ापन एवं बदले की भावना को नियंत्रित करने तथा सकारात्मक सोच और व्यवहार अपनाने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. लखनलाल धाकड़ द्वारा बच्चों को समय पर भोजन करने, स्वच्छता बनाए रखने, गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ सेवन, फल एवं हरी पत्तेदार सब्जियों के उपयोग तथा आरामदायक कपड़े पहनने के संबंध में जानकारी दी गई एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. एकता जैन द्वारा बच्चों को योग एवं व्यायाम कराकर दिखाया गया तथा नियमित रूप से योग-व्यायाम करने से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लाभ बताए गए।

शिविर के दौरान नर्सिंग ऑफिसर श्री प्रेम सिंह यादव द्वारा बच्चों को आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। वहीं मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर श्री रवि सिंह यादव द्वारा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जारी टेली-मानस टोल-फ्री नंबर 14416 की जानकारी दी गई एवं बताया गया कि किसी भी मानसिक या भावनात्मक समस्या होने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.