गुना यातायात पुलिस की मानवीय पहल — किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाए गए रेडियम टेप, सड़क सुरक्षा को मिला नया संबल
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना यातायात पुलिस द्वारा जन-जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की गई ।
थाना प्रभारी यातायात टीआई अजय प्रताप सिंह द्वारा यातायात पुलिस बल के साथ गुना मुख्यालय स्थित बीज निगम मैदान में पहुंचकर किसानों के बीच संवाद स्थापित किया गया । इस दौरान मैदान में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित किसान अपनी फसल लेकर विक्रय हेतु आए हुए थे, जिनके ट्रैक्टर-ट्रॉली खुले स्थान पर खड़े थे।
यातायात पुलिस द्वारा किसानों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उनके सहयोग से लगभग 250 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रेडियम टेप लगाए गए । यह पहल न केवल जागरूकता का उदाहरण है, बल्कि आमजन के जीवन की सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है ।
उल्लेखनीय है कि रात्रि के समय अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पीछे से स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिसके कारण कई बार गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में रेडियम टेप लगाए जाने से अब ये वाहन दूर से ही आसानी से दिखाई देंगे, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी और कई अनमोल जीवन सुरक्षित रह सकेंगे । गुना पुलिस का यह प्रयास स्पष्ट करता है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा एवं कल्याण हेतु सदैव तत्पर, सजग एवं प्रतिबद्ध है ।
