राजस्व कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर, कलेक्टर श्री कन्याल ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक
गुना
कलेक्ट्रेट सभागार में आज कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम इस कार्य का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि मकानों की गणना का कार्य 30 दिनों के बजाय 15 दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मकान छूटे नहीं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करने की बात भी कही गई।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को रोकने तथा अधिक से अधिक कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग करने वालों से अधिकतम वसूली की जाए, विशेषकर सिंचित भूमि से। सभी अधिकारियों को अपने-अपने लक्ष्य निर्धारित कर प्रारंभिक स्तर पर ही अधिक से अधिक लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नरवाई जलाने की घटनाओं को कम करने पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने एसडीएम को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्रवाई करने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने मोबाइल कोर्ट के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में 100 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों को शीघ्र निराकरण करने और सिटीजन चार्टर के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए।
आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि सभी मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
