Type Here to Get Search Results !

कलेक्‍टर की अध्‍यक्षता में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की जिला स्‍तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित

 कलेक्‍टर की अध्‍यक्षता में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की जिला स्‍तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित 


‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार की अध्यक्षता में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की जिला स्‍तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वप्रथम मोबाइल कोर्ट के तहत की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई, जिसमें अब तक 270 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इन प्रकरणों की वीडियोग्राफी एवं विधिक दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया गया है।

प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यकतानुसार प्रभावी धाराएं लगाई जाएं, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी व्यक्ति पर अनावश्यक या झूठे प्रकरण दर्ज न हों।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिले में चिन्हित 11 ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इन स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने, संबंधित विभागों के समन्वय से उपाय लागू करने तथा हेलमेट अभियान को सतत रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

शस्त्र लाइसेंस की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि जिन लाइसेंसधारियों द्वारा नवीनीकरण नहीं कराया गया है या जिनके पास शस्त्र अनुपयोगी स्थिति में हैं, उनसे शस्त्र जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही अन्य प्रकरणों में भी आवश्यकतानुसार शस्त्र जप्त करने की कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई से संबंधित मामलों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधिकतर प्रकरणों का निराकरण थाना एवं तहसील स्तर पर ही किया जाए, जिससे आम नागरिकों को मुख्यालय तक आने में असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त डीजे के अनियंत्रित उपयोग पर प्रतिबंध, गलियों में वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधा रोकने, मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच कर प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री पर नियंत्रण रखने, कृषि उपज मंडी में भारी गेहूं की उपज को देखते हुए मंडी में व्यवस्थाएं करना, शासकीय स्कूल आंगनबाड़ियों का समय पर निरीक्षण करना। अवैध उत्खनन के विरुद्ध पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से सक्रिय कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

शांति समिति की बैठकों में प्रभावशाली नागरिकों को शामिल करने पर भी बल दिया गया, ताकि सामाजिक समन्वय और बेहतर बनाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि विभिन्न स्थानों पर चौपालों का आयोजन कर साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं भूमि विवाद जैसे विषयों पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक के समापन पर कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा साप्ताहिक बैठक आयोजित कर विभिन्न विषयों की नियमित समीक्षा करने एवं प्रत्येक स्तर तक जानकारी का प्रभावी प्रसार सुनिश्चित करने के लिए कहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.