*निर्धारित गाइडलाईन का उल्लंघन कर डीजे बजाने वालों पर गुना पुलिस की निरंतर कार्यवाही*
कैंट थाना पुलिस ने देर रात एवं तेज व कर्कश ध्वनि में संचालित 02 डीजे सिस्टम सहित 02 पिकअप* वाहन किए जप्त
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में देर रात तक तीव्र एवं कर्कश ध्वनि में डीजे बजाने पर सख्त कार्यवाही करते हुए 02 डीजे सिस्टम सहित 02 पिकअप वाहनों को जप्त किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक तीव्र ध्वनि में वाद्य यंत्र एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है । उक्त दिशा-निर्देशों के पालन हेतु गुना पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर डीजे संचालकों की बैठक लेकर उन्हें नियमों के पालन कर डीजे संचालन के संबंध में समझाइश भी दी जाती रही है ।
इसके बावजूद विगत रात्रि में नानाखेड़ी क्षेत्र में रात्रि लगभग 11.30 बजे अत्यधिक तीव्र एवं कर्कश ध्वनि में डीजे बजाए जाने की सूचना प्राप्त होने पर कैंट थाने से पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची । मौके पर एक टाटा 407 पिकअप वाहन क्रमांक MP08 GA 2005 एवं एक टाटा 407 पिकअप वाहन क्रमांक MP10 C 9759 में लगे डीजे सिस्टम को निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज एवं देर रात्रि तक बजाते हुए पाया गया, जिससे आसपास निवासरत नागरिकों को अत्यधिक असुविधा हो रही थी ।
जांच के दौरान उक्त दोंनों डीजे के संचालक राहुल पुत्र मुकेश खटीक उम्र 27 साल निवासी पुरानी छावनी गुना द्वारा म.प्र. कोलाहल नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने पर पुलिस द्वारा दोंनो डीजे सिस्टम को मय पिकअप वाहनों सहित जप्त कर डीजे संचालक राहुल खटीक के विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्यवाही की गई ।
कैंट थाना पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुशलपाल, प्रधान आरक्षक प्रदीप धाकड़, प्रधान आरक्षक विक्रांत जाटव, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक राजू बघेल एवं आरक्षक सूर्यभान जाट की सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि धार्मिक, सामाजिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान डीजे अथवा लाउडस्पीकर का उपयोग माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही करें । नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
