जिला जेल गुना में बंदियों को मिला मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, 20 नशा पीड़ित चिन्हित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला जेल गुना में बंदियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. पी.एन. धाकड़ (मानसिक रोग विशेषज्ञ) द्वारा बंदियों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। परीक्षण के दौरान नशा संबंधी समस्याओं से ग्रसित 20 बंदी मरीजों को चिन्हित किया गया, जिन्हें नशा मुक्ति, मानसिक संतुलन एवं उपचार से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर श्री रवि सिंह यादव द्वारा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टेली-मानस टोल फ्री नंबर 14416 एवं मनहित ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बंदियों को अवगत कराया गया कि मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, नशा मुक्ति एवं अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु टेली-मानस सेवा के माध्यम से निःशुल्क एवं गोपनीय परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
