Type Here to Get Search Results !

केदारधाम मंदिर मार्ग एवं चट्टानों की स्थिति के तकनीकी परीक्षण हेतु विशेषज्ञ दल ने किया स्थल निरीक्षण

 केदारधाम मंदिर मार्ग एवं चट्टानों की स्थिति के तकनीकी परीक्षण हेतु विशेषज्ञ दल ने किया स्थल निरीक्षण



गुना, । केदारधाम मंदिर क्षेत्र में मंदिर पहुंच मार्ग तथा आसपास की चट्टानों की वर्तमान स्थिति के तकनीकी परीक्षण के लिए विशेषज्ञ दल द्वारा स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। विशेषज्ञ दल में मैनिट भोपाल के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. ज्योति स्वरूप एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. हस्ती वेंकटेश्वरलु शामिल थे।

विशेषज्ञ दल ने लगभग चार घंटे तक स्थल का गहन निरीक्षण कर मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग, सीढ़ियों की स्थिति तथा आसपास स्थित चट्टानों की संरचना और सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान दल ने स्थल की भौगोलिक एवं तकनीकी परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए चट्टानों की स्थिति, संरचनात्मक स्थिरता तथा मार्ग की उपलब्धता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कुछ ऐसे तकनीकी पहलुओं का भी अवलोकन किया गया, जिनके आधार पर आगे विस्तृत अध्ययन एवं आवश्यक सुधारात्मक उपायों के संबंध में अनुशंसाएं तैयार की जाएंगी। स्थल निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं तकनीकी आंकड़ों के आधार पर विस्तृत परीक्षण रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगामी चरणों में आगे बढ़ाई जाएगी।

विशेषज्ञ दल ने निरीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल से भेंट कर उन्हें स्थल निरीक्षण के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न तकनीकी पहलुओं एवं संभावित सुधारात्मक दृष्टिकोणों पर चर्चा की।

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा केदारधाम मंदिर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इस विषय को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

विशेषज्ञ दल द्वारा प्रारंभिक निरीक्षण के आधार पर विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आगामी कुछ सप्ताह में प्राप्त होने की संभावना व्यक्त की गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक सुधारात्मक एवं दीर्घकालीन सुरक्षा उपायों पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.