केंट थाना क्षेत्र से फिरौती के लिए युवकों के अपहरण के गंभीर प्रकरण में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*प्रकरण में फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
*दो महिलाओं सहित चार अपहरणकर्ताओं को पूर्व में ही गिरफ्तार कर भेजा जा चुका है जेल*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा उल्लेखनीय कार्यवाही करते हुए फिरौती के लिए युवकों के अपहरण के गंभीर प्रकरण में फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि दिनांक 16 मई 2026 की रात्रि में कैंट थाना क्षेत्र से राज रघुवंशी एवं अनिकेत उर्फ भूरा रघुवंशी निवासीगण ग्राम सेजी थाना शाढ़ौरा जिला अशोकनगर का ग्राम टोरिया निवासी चंचल रघुवंशी, छोटू रघुवंशी एवं अन्य के द्वारा अपहरण कर उन्हें छोडने के बदले में तीन लाख रुपये फिरौती मांगे जाने की घटना को लेकर केंट थाने में अप.क्र. 357/26 धारा 140(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था ।
फिरौती के लिए अपहरण के उक्त मामले में केंट थाना पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए दिनांक 16-17 मई 2026 की रात्रि में ही लगातार प्रयासों के बाद दोंनो अपहृत युवकों को सकुशल मुक्त कराते हुए प्रकरण में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों 1-रामकृष्ण रघुवंशी निवासी ग्राम टोरिया, 2-अंकित सिकरवार निवासी ग्राम पगारा, 3-गायत्री रघुवंशी निवासी आरोन एवं 4-सिद्धी रघुवंशी निवासी ग्राम बमुरिया थाना देहात जिला अशोकनगर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था ।
विवेचना के दौरान प्रकरण में और भी आरोपियों के नाम सामने आये जिन्हें पुलिस द्वारा चिन्हित कर उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जिनकी तलाश के क्रम में आज दिनांक 23 मई 2026 को फरार एक और आरोपी के संबंध में मुखबिर सूचना पर केंट थाना पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए प्रकरण में फरार आरोपी छोटू पुत्र भैयासाहब यादव उम्र 20 साल निवासी ग्राम सिंगवासा थाना केंट गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत प्रक्रिया उपरांत उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है । प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है ।
केंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक कुशलपाल, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक रामनिवास शर्मा एवं आरक्षक जगदीश रावत का विशेष योगदान रहा है ।
