*नशे के विरूद्ध गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही*
केंट थाना पुलिस ने प्रतिबंधित इंग्जेक्शन एविल के साथ दो सप्लायर किए गिरफ्तार
*आरोपियों से नशीले इंजेक्शन के 240 नग जप्त कर ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत की गई सख्त कार्यवाही*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ निरंतर कड़ी और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमति प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए नशीले एविल इंजेक्शन के दो सप्लायर गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से कुल 240 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए हैं ।
उल्लेखनीय है कि गत् दिनांक 22 मई 2026 की शाम केंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मालपुर रोड़ स्थित मरघटशाला के पास दो व्यक्ति प्लास्टिक के एक कट्टा व एक थैले में नशीले इंजेक्शन (एविल) लेकर उन्हें बेचने की फिराक में खड़े हुए हैं । थाना क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन सप्लाई की उक्त सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तत्काल केंट थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा मालपुर रोड़ मरघटशाला के पास मुखबिर की बताई जगह पर पहुंचकर देखा तो वहां दो संदिग्ध युवक दिखाई दिये, जो पुलिस को देखते ही अपने पास रखे थैला व कट्टा को उठाकर वहां से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की गई और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया । पूछताछ पर उनके द्वारा अपने नाम सचिन पुत्र सुनील राठौर उम्र 24 साल निवासी भार्गव कॉलोनी गुना एवं विशाल पुत्र कैलाशचंद ओझा उम्र 28 साल निवासी सुदामा कॉलोनी बूढ़े बालाजी गुना के बताए एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जिनकी विधिवत तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे व थैले में रखे 10 कॉर्टून बॉक्स से Pheniramine maleate injection I.P. Avil के कुल 240 नग बरामद हुए । जिनसे नशीले इंजेक्शन रखने एवं बेचने के वैद्य दस्ताबेज मांगे जाने पर उनके द्वारा अपने पास कोई दस्ताबेज न होना बताया, जिससे आरोपियों का यह कृत्य म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत दंडनीय होने पर पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद इंजेक्शन जप्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और जिनके विरूद्ध केंट थाने में अप.क्र. 377/26 धारा 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । आगे की पूछताछ में आरोपियों द्वारा उक्त नशीले इंजेक्शन श्रीराम कॉलोनी स्थित धाकड़ मेडीकल स्टोर के संचालक हरिमोहन धाकड़ से खरीदना बाताया गया, जिसमें पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त जिला बनाने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है एवं नशीले पदार्थों की आपूर्ति, तस्करी, अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए निरंतर कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । केंट थाना पुलिस की यह कार्यवाही इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे नशे की सप्लाई चैन पर प्रभावी प्रहार हुआ है । केंट थाना पुलसि द्वारा नशीले इंजेक्शन के विरूद्ध अपनी इस कार्यवाही से पूर्व हाल ही में 225 नग एविल इंजेक्शन के साथ दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था । नशे के विरूद्ध गुना पुलिस की कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी ।
नशे के विरुद्ध कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में सउनि मिट्टूलाल विसोरिया, आरक्षक राजू वघेल, आरक्षक विकाश राजपूत, आरक्षक रामनिवासी शर्मा, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, आरक्षक देवेन्द्र रघुवंशी एवं आरक्षक गोविन्द रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है । इस टीम की सतर्कता, टीमवर्क और त्वरित कार्यवाही के परिणाम स्वरूप ही नशे की एक और बड़ी खेप को लोगों के बीच पहुंचने से पहले ही पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया ।
गुना पुलिस की सभी जिले वासियों से अपील है कि नशे के अवैध करोबार की कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें । इस संबंध में आपके द्वारा दी गई छोटी सी जानकारी समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है ।
