उपलब्ध संसाधनों में अच्छा कार्य करने का जज्बा रखें अधिकारी – कलेक्टर श्री कन्याल
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
गुना
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के तहत गठित विशेष सेल एवं जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम गुना शिवानी पाण्डे सहित समस्त सीएमओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिस प्रकार स्वच्छता हमारी दिनचर्या का हिस्सा है, उसी प्रकार यह हमारे आसपास, मोहल्लों एवं वार्डों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा अधिकारी अपने उपलब्ध संसाधनों में अच्छा कार्य करने का जज्बा रखें।
बैठक में गीले, सूखे, घरेलू एवं ई-वेस्ट कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कचरा परिवहन करने वाले वाहन पूर्णतः ढके हुए हों तथा कहीं भी खुले में कचरे का संग्रहण न हो। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध फाइन लगाकर दण्डात्मक कार्यवाही की जाये। कचरा कलेक्शन पाइंट को को चिन्हित कर उन्हें सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित किया जाए। स्वच्छता दूतों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर हेल्थ कैंप आयोजित करने तथा उन्हें मास्क, ग्लव्स, पानी की बोतल, शूज एवं बैग सहित आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अमानक पॉलिथीन के विरुद्ध नियमित छापामार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सभी सीएमओ को आवश्यकता अनुसार कचरा वाहनों की मांग प्रस्तावित करने को कहा। बैठक में यह भी बताया गया कि समिति द्वारा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई जमीनी स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) के लिए निर्धारित मानकों के कड़ाई से पालन पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त BWG एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के EBWGR प्रमाणन एवं EPR पंजीयन सुनिश्चित करने तथा MRF-इंडस्ट्री पार्टनरशिप के तहत रिसायक्लिंग पिकअप पॉइंट विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
