Type Here to Get Search Results !

जल संरक्षण का जन आंदोलन" थीम पर कूनो नदी उद्गम स्थल पर जल गंगा संवर्धन अभियान का आयोजन

"जल संरक्षण का जन आंदोलन" थीम पर कूनो नदी उद्गम स्थल पर जल गंगा संवर्धन अभियान का आयोजन



गुना 


"जल संरक्षण का जन आंदोलन" थीम के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर कूनो नदी उद्गम स्थल पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा कूनो नदी उद्गम स्थल पर सामूहिक पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात महिलाओं ने कलश में जल भरकर कलश यात्रा निकाली तथा निकट स्थित शिव मंदिर में जल अभिषेक किया। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों का भी गायन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। इसके बाद सभी ने सामूहिक श्रमदान किया तथा आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण के संकल्प के साथ गड्ढे खोदकर श्रमदान किया।


इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि यह अभियान अभी शुरुआत है और इसे आगे और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कूनो नदी को नमामि गंगे परियोजना से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नदी काफी लंबा सफर तय कर चंबल नदी में मिलती है, लेकिन ऊंचाई के अंतर के कारण इसका अधिकांश पानी बह जाता है, जिसका समुचित उपयोग नहीं हो पाता। स्थानीय स्तर पर वन एवं पंचायत विभाग के सहयोग से स्टॉप डेम निर्माण की दिशा में कार्य किया जाना है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण के लिए लगभग 10 एकड़ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है तथा कुएं तक पहुंचने के लिए मार्ग भी विकसित किया गया है। भविष्य में यह क्षेत्र हाईवे के समीप होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किए जाने की व्यापक संभावनाएं रखता है। स्टॉप डेम निर्माण से भूमि सिंचित होगी।


कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पन्‍नालाल शाक्‍य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में धरती, गंगा और गाय को मां का दर्जा दिया गया है। जल संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि नवरात्रि पर कूनो नदी को श्रृंगार भेंट कर गांव की सुख-समृद्धि और सुरक्षा के लिए प्रयास किए जाएं तथा समाज में पहले देने की संस्कृति विकसित की जाए।


कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे द्वारा आभार व्यक्त किया गया।


कार्यक्रम में विधायक श्री पन्‍नालाल शाक्‍य, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.