“गुना बदल रहा है, नए आयाम रच रहा है” — भादौर की रात्रि चौपाल में गूंजा विकास का संदेश
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने किसानों, युवाओं और ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
प्राकृतिक खेती, स्वरोजगार, आधुनिक तकनीक और गांव के समग्र विकास पर विशेष जोर
Guna-
भादौर गांव में आयोजित रात्रि चौपाल शुक्रवार को विकास, संवाद और जनभागीदारी का जीवंत मंच बन गई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने ग्रामीणों, किसानों और युवाओं से सीधे संवाद करते हुए प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, स्वरोजगार एवं गांव के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए।
रात्रि चौपाल की शुरुआत आत्मीय माहौल में हुई, जब स्थानीय व्यक्ति द्वारा विशेष रूप से लिखा गया गीत — “गुना गुलाब गुनिया, देखेगी सारी दुनिया” प्रस्तुत किया गया। गीत की पंक्तियों ने पूरे माहौल को उत्साह और गर्व से भर दिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि “हमारा गुना बदल रहा है, नए आयाम रच रहा है।”
खेत पर मेड़ और मेड़ पर पेड़ का दिया संदेश
चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि एक ग्रामीण ने उन्हें रात्रि चौपाल में एक प्रेरणादायक सुझाव दिया “खेत पर मेड़ और मेड़ पर पेड़”। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी मेड़ों पर नीम, बरगद एवं अन्य उपयोगी पेड़ लगाने चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि को भी लाभ मिलेगा।
“प्राकृतिक खेती अपनाएं, बीमारियों से बचें”
कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यूरिया एवं रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से केवल उत्पादन बढ़ता दिखाई देता है, लेकिन इसके दुष्परिणाम स्वास्थ्य और मिट्टी दोनों पर पड़ते हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने तथा हॉर्टिकल्चर आधारित खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कृषि के सफल मॉडलों की जानकारी देकर किसानों को नई दिशा में सोचने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं से बोले — गांव में रहकर भी बन सकते हैं आत्मनिर्भर
रात्रि चौपाल में युवाओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि आईटीआई एवं कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से गांव में रहकर भी रोजगार और स्वरोजगार स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने इलेक्ट्रिशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, मोटर रिपेयरिंग, ड्रोन स्प्रेइंग एवं सोलर तकनीक जैसे क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं बताईं।
विभागों ने दी योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने ड्रिप सिंचाई प्रणाली के लाभ बताए, जबकि हॉर्टिकल्चर विभाग ने आधुनिक खेती एवं हाइब्रिड बीजों के उपयोग पर मार्गदर्शन दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं कौशल विकास विभाग ने आईटीआई कोर्स, उनसे जुड़े रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। रोजगार अधिकारियों ने भी विभिन्न रोजगार योजनाओं एवं संभावनाओं पर ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे सफल कार्यों एवं मॉडलों की जानकारी देकर कृषकों एवं महिलाओं को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य किसान भी उत्साहित नजर आए।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री महिमा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान एवं युवा उपस्थित रहे।

