Type Here to Get Search Results !

मोबाईल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि संबंधी विवादों का मौके पर समाधान

 ‘मोबाईल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि संबंधी विवादों का मौके पर समाधान


गुना  

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में ‘मोबाईल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि संबंधी विवादों का त्वरित एवं आपसी सहमति के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मौके पर ही राहत मिल रही है।

इसी क्रम में तहसील बमोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरोद (लीलाझरी) में दिनांक 22 मई 2026 को आयोजित मोबाइल कोर्ट में सार्वजनिक रास्ते से जुड़े विवाद का मौके पर निराकरण किया गया।

ग्राम सिमरोद (लीलाझरी) के ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया था कि कृषक प्रेमसिंह लोधा निवासी भूराखेड़ी द्वारा शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 61 से होकर जाने वाले परंपरागत सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया था। इस मार्ग का उपयोग गांव के बच्चे विद्यालय आने-जाने, ग्रामीणजन शांतिधाम तक पहुंचने तथा कृषकों द्वारा कृषि कार्य एवं बुआई के लिए किया जाता था। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों एवं किसानों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था तथा दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई थी।

मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं राजीनामे के आधार पर विवाद का समाधान कराया गया। मौके पर रास्ते की चूना लाइन डलवाकर सीमांकन किया गया तथा जेसीबी मशीन से रास्ते के दोनों ओर नाली खुदवाकर मार्ग का चौड़ीकरण कर रास्ता खुलवाया गया। दोनों पक्षों की सहमति संबंधी पंचनामा भी तैयार किया गया।

मोबाइल कोर्ट कार्यवाही के दौरान तहसीलदार बमोरी श्री देवदत्त गोलिया, हल्का पटवारी श्री दिनेश पटेलिया, ग्राम पंचायत सरपंच, बीट गार्ड श्री जीतेंद्र जाटव (वन विभाग), ग्राम कोटवार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.