जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु गत एक माह में आदतन अपराधियों पर गुना पुलिस का सख्त शिकंजा
*113 अपराधियों पर वाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही कराते हुए लगभग 17 लाख रुपये के वाउंड भराए*
*शांति भंग करने पर होगी राशि जप्त एवं जेल भेजने की कार्यवाही*
*मारपीट के आदतन 28 बदमाश गुण्डा सूची में शामिल, साथ ही नये 03 हिस्ट्रीशीटर पुलिस निगरानी में*
*जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले 04 अपराधी गिरफ्तार, आदतन अपराधियों पर गुना पुलिस की सतत निगरानी जारी*
जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण निर्मित करने हेतु गुना पुलिस द्वारा लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल निर्देशन में जिलेभर में आदतन अपराधियों, शांति भंग करने वाले आसामाजिक तत्वों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है ।
इसी क्रम में गत एक माह में कुल 113 आरोपी, अनावेदक एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कराते हुए उनसे परिशांति बनाए रखने एवं सदाचरण हेतु लगभग 17,00,000 रुपये (सत्रह लाख रुपये) की राशि के वाउंड भराए गए हैं । इन अपराधियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि उनके द्वारा किसी प्रकार की शांति भंग की जाती है अथवा कोई आपराधिक घटना कारित की जाती है तो उनके द्वारा भरी गई वाउंड राशि जप्त कराई जाकर उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा ।
गुना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध केवल तात्कालिक कार्यवाही ही नहीं बल्कि दीर्घकालिक निगरानी एवं नियंत्रण की रणनीति पर भी प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है । इसी उद्देश्य से जिले में मारपीट संबंधी नवीन 28 आदतन अपराधियों को गुण्डा बदमाश सूची में शामिल किया गया है, ताकि उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके एवं किसी भी आपराधिक गतिविधि को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके ।
इसके अतिरिक्त संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त नये तीन 03 आदतन अपराधियों को निगरानी बदमाश (हिस्ट्रीशीटर) घोषित कर उनकी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग प्रारंभ की गई है । ऐसे अपराधियों की गतिविधियों, आवागमन एवं आपराधिक संपर्कों पर पुलिस द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है ।
गुना पुलिस द्वारा जिलाबदर अपराधियों के विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही निरंतर जारी है । गत एक माह के दौरान जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर गुना जिले की सीमा में पाए जाने पर 04 जिला वदर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया उपरांत जेल भेजा गया है । साथ ही जिले से अन्य सभी जिलाबदर अपराधियों की गतिविधियों पर भी पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे वे जिले में प्रवेश कर कानून व्यवस्था प्रभावित न कर सकें ।
गुना पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आगे भी इसी प्रकार प्रभावी, कठोर एवं निरंतर कार्यवाही जारी रखी जाएगी । पुलिस की आमजन से भी अपील है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके ।
