*ऑनलाईन सट्टे में संलिप्त सटोरियों के विरूद्ध गुना पुलिस की सतत कार्यवाही*
राघौगढ़ थाना पुलिस आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टे के गिरोह का एक और सदस्य किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा आदि अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, तस्करों, कारोबारियों आदि के विरूद्ध निरंतर सख्त और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ़ थाना पुलिस द्वारा हाल ही में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाईन सट्टा संचालित करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफास किया गया था । पुलिस द्वारा इस गिरोह का फरार एक और सदस्य गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 02 मई 2026 की रात राघौगढ थाना पुलिस द्वारा ग्राम आवन से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए आरोपी कमलेश साहू निवासी ग्राम आवन को गिरफ्तार किया गया था । पूछताछ में ऑनलाइन सट्टे के एक बडे गिरोह का खुलासा हुआ था जिसमें कुल 08 सदस्यों द्वारा संगठित रुप से ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था । इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य आरोपी शक्ति जाटव निवासी साडा कॉलोनी राघौगढ़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया था एवं जिनसे बरामद मोबाइलों से सट्टे के करीबन 23 लाख रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का रिकार्ड मिला था । जिस पर से ऑनलाइन सट्टा गिरोह के सभी 08 सदस्यों के विरुद्ध राघौगढ थाने में अप.क्र. 98/26 धारा 4(क) सट्टा अधिनियम एवं 112(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर शेष फरार आरोपियों की तलाश शुरु की गई ।
फरार आरोपियों की तलाश के क्रम में राघौगढ थाना पुलिस द्वारा गत दिनांक 04 मई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करते हुए गिरोह का एक और फरार सदस्य आरोपी महाराज सिंह पुत्र सरदार सिंह लोधा उम्र 33 साल निवासी ग्राम आवन थाना राघौगढ जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया है । शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है ।
राघौगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, जंजाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रसना राजावत, सउनि सीताराम धुर्वे, आरक्षक सुनील धाकड़, आरक्षक बलभद्र सिंह चौहान एवं आरक्षक अमित जाट का सराहनीय योगदान रहा है ।
