जिला चिकित्सालय गुना में केयर कम्पेनियन प्रोग्राम की रिफ्रेशर ट्रेनिंग आयोजित
गुना
जिला चिकित्सालय, गुना में आज केयर कम्पेनियन प्रोग्राम की रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र में डॉ. देवेंद्र शर्मा (स्टेट ट्रेनिंग मैनेजर, Noora Health) एवं गौरव शर्मा (डिविजनल कंसल्टेंट, Noora Health) ने मातृत्व, एसएनसीयू, मदर वार्ड एवं एएनसी ओपीडी के स्टाफ को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को गर्भधारण से लेकर प्रसव के बाद तक स्वयं और अपने शिशु की सही देखभाल के बारे में जानकारी प्रदान करना और संभावित स्वास्थ्य खतरों के पहचानने योग्य लक्षणों के प्रति जागरूक करना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार किया जा सके। प्रशिक्षण के माध्यम से अस्पताल स्टाफ को नए प्रोटोकॉल और देखभाल तकनीकों की समझ विकसित करने में मदद मिली, जिससे वे माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर, सुरक्षित और समय पर देखभाल प्रदान कर सकें।
