*गुना पुलिस का नशे पर निरंतर प्रहार*
राघौगढ़ थाना पुलिस ने रात्रि गश्त में पकड़ा नशा तस्कर
*आरोपी से करीब सवा किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद*
*गांजा क्रय-बिक्रय एवं तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं नशे के कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ़ थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान सतर्कता से कार्यवाही करते हुए एक नशा तस्कर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.128 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है ।
उल्लेखनीय है कि विगत रात्रि गश्त के दौरान राघौगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि धीरपुर तालाब की ओर से दो व्यक्ति पैदल-पैदल राघौगढ़ की तरफ आ रहे हैं, जिनके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे में अवैध गांजा रखा हुआ है । गांजा तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए राघौगढ़ थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम तस्करों की तलाश में सबरीनाथ रोड़ की ओर रवाना की गई । इस दौरान पुलिस टीम को उपरेटी पार्क की पुलिया के पास मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्होंने पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास किया । किंतु पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए प्लास्टिक का कट्टा लिए हुए व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे एवं गलियों का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला ।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम इस्माईल उर्फ इस्सू पुत्र नवाब खां उम्र 40 वर्ष निवासी उपरेटी मोहल्ला राघौगढ़ जिला गुना बताया एवं मुखबिर सूचना के आधार पर उसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कट्टे से 1.128 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये का बरामद हुआ, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया ।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी विनोद उर्फ किल्ली जाटव निवासी जाटव मोहल्ला राघौगढ़ के साथ उक्त गांजा आरोन क्षेत्र के ग्राम अरसखेड़ी निवासी प्रेमनारायण लोधा से खरीदकर लाए थे एवं पुलिस वाहन को देखकर उसका साथी विनोद जाटव मौके से भाग निकला । इसके उपरांत पुलिस द्वारा गांजा क्रय-बिक्रय एवं तस्करी में संलिप्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध राघौगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 120/26 धारा 8/20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है ।
नशे के विरुद्ध राघौगढ़ थाना पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, उपनिरीक्षक कमल सिंह मीना, सउनि सीताराम धुर्वे, आरक्षक बलभद्र सिंह चौहान, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र रावत, आरक्षक सुरेश सिंह, आरक्षक पेपेन्द्र रावत, आरक्षक जितेन्द्र मीना एवं महिला आरक्षक मोहिनी सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
