*अपहृत अथवा गुमशुदा नाबालिगों की दस्तयाबी में गुना पुलिस की सतत् एवं संवेदनशील कार्यवाही*
गुना में अलग-अलग जगहों से दो नाबालिग बालकों के लापता होने के मामले में कोतवाली पुलिस की सक्रिय कार्यवाही,
*दोंनो बालकों को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजन से मिलाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील, मानवीय एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमति प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा गुना में अलग-अलग जगहों से दो नाबालिग बालकों के लापता होने के मामले में सक्रियता से कार्यवाही करते हुए दोंनो बालकों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिला दिया है ।
गौरतलब है कि दिनांक 22 मई 2026 को गुना कोतवाली में एक पिता की ओर से अपने 16 वर्षीय नाबालिग बेटे के दिनांक 20 मई 2026 की शाम से लापता होने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से गुना कोतवाली में अपराध क्रमांक 238/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर पुलिस द्वारा बालक की तलाश प्रारंभ की गई ।
इसी प्रकार दिनांक 23 मई 2026 को गुना कोतवाली में एक महिला द्वारा अपने 13 वर्षीय नाबालिग पोते के दिनांक 20 मई 2026 के दोपहर से लापता होने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से गुना कोतवाली में अपराध क्रमांक 242/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर पुलिस द्वारा बालक की तलाश प्रारंभ की गई ।
नाबलिग बालकों के लापता होने के दोंनों ही प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग दो टीमों द्वारा बालकों की लगातार सघनता से तलाश की गई । इस हेतु पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए विभिन्न तकनीकी संसाधनों एवं साइबर विश्लेषण की सहायता से बालकों की सभी संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई । पुलिस की सतत् मेहनत, सूझबूझ एवं प्रभावी रणनीति के परिणामस्वरूप गत दिनांक 24 मई 2026 को दोंनो बालकों को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया एवं दस्तयाबी उपरांत थाने पर विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया । बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा डॉ. नीरू शर्मा एवं समिति सदस्यों द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने उपरांत दोंनो को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, प्रधान आरक्षक अमित मिश्रा, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक दिगलेश धाकड़, आरक्षक प्रकाश ग्वाल एवं आरक्षक कपिल व्यास की सराहनीय भूमिका रही है ।
